पांवटा में यमुना शरद महोत्सव शुरू

By: Oct 6th, 2017 12:07 am

NEWSपांवटा साहिब – पांवटा साहिब में शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाले दो दिवसीय यमुना शरद महोत्सव का विधिवत शुभारंभ हो गया है। बुधवार की सायं परंपरागत ढंग से माता यमुना की आरती के साथ महोत्सव का शुभारंभ हुआ। उपायुक्त सिरमौर बीसी बडालिया ने महोत्सव की प्रथम सांस्कृतिक संध्या का दीप प्रज्वलित कर शुभारंभ किया। एसडीएम पांवटा एचएस राणा द्वारा मुख्यातिथि को शॉल, टोपी और स्मृति चिन्ह भेंटकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त ने शरद यमुना महोत्सव की लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि धार्मिक ग्रंथों में यमुना नदी को देवी अर्थात माता की संज्ञा दी गई है, जिसके पवित्र जल के स्नान करने से मनुष्य को पापों से मुक्ति मिलती है। उन्होंने कहा कि पांवटा साहिब अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गुरु नगरी के नाम से भी विख्यात है, जहां पर 10वें गुरु श्री गोबिंद सिंह द्वारा चार वर्ष तक यमुना के किनारे तपस्या और शत्रुओं के साथ युद्ध करके विजय पाई थी, जिसके फलस्वरूप वर्तमान में पांवटा साहिब एक धार्मिक पर्यटन के रूप में भी उभर रहा है। उन्होंने कहा कि मेले व त्योहार प्रदेश की समृद्ध संस्कृति के सम्वाहक हैं जो लोगों को अपनी संस्कृति व सभ्यता का आभास करवाते हैं। उन्होंने कहा कि प्राचीन गीतों के साथ छेड़छाड़ नहीं की जानी चाहिए। ऐसा करने से गीतों की मौलिकता पर प्रश्न चिन्ह लग जाता है। उन्होंने कहा कि संस्कृति व सभ्यता का संरक्षण करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक दायित्व बन जाता है। एसडीएम पांवटा हरि सिंह राणा ने मुख्यातिथि का स्वागत किया और महोत्सव के आयोजन बारे विस्तृत जानकारी दी। महोत्सव की प्रथम संध्या वॉयस ऑफ हिमाचल के विजेता कुमार साहिल के नाम रही। कुमार साहिल ने अपने कार्यक्रम का आगाज देश भक्ति के गीत जहां डाल डाल पर सोने की चिडि़या करती है बसेरा से किया। इसके बाद उन्होंने हिंदी, पहाड़ी और पंजाबी गीत सुनाकर लोगों को सवा घंटे से ज्यादा बांधे रखा।

कार्यक्रम में स्मारिका का हुआ विमोचन

इस मौके पर मुख्यातिथि उपायुक्त ने यमुना शरद महोत्सव की स्मारिका का विमोचन किया। यह स्मारिका पांवटा दून प्रेस क्लब के सहयोग से बनाई गई थी। स्मारिक के विमोचन के मौके पर मुख्यातिथि व अन्य अतिथियों के साथ दून प्रेस क्लब के प्रधान दिनेश ठाकुर और महासचिव श्याम लाल पुंडीर भी मौजूद रहे। इसके साथ ही पांवटा के विकास के लिए गठित कनक्लेव कमेटी ने भी विजन डाक्यूमेंट-2030 का मुख्यातिथि के द्वारा विमोचन करवाया। इसमें अगले दस सालों के लिए पांवटा के विकास का खाका बनाया गया है। इस कमेटी के अध्यक्ष अनिंद्र सिंह नौटी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App