फतेहपुर की सेवा करने आया हूं

By: Oct 24th, 2017 12:07 am

नूरपुर – फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कृपाल परमार ने कई समर्थकों संग एसडीएम के समक्ष अपना नामांकन दाखिल करवाया। विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए कृपाल परमार ने कहा कि वह फतेहपुर हलके की जनता की सेवा करने आए हैं।  जिस तरह वह दो हाथ जोड़ कर जनता से वोट मांग रहे हैं उसी तरह वह सीधे तौर पर लोगों के काम भी निपटाएंगे। उन्होंने कहा कि उनसे मिलने के लिए किसी को अप्वाइंटमेंट नहीं लेनी पड़ेगी। प्रदेश में भाजपा सरकार बनने पर इस हलके का तेज गति से विकास किया जाएगा। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावर चंद गहलोत विशेष तौर पर दिल्ली से कृपाल परमार के समर्थन में जनसभा को संबोधित करने आए थे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि कृपाल परमार कर्मठ एवं ईमानदार व्यक्ति हैं। उन्हें उम्मीद है कि फतेहपुर की जनता को परमार के रूप से विधानसभा में सशक्त प्रतिनिधि मिलेगा। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वह राज्य में भाजपा को सत्ता में लाकर रुके पड़े विकास कार्यों को गति प्रदान करेंगे।

तलवाड़ा से लेकर फतेहपुर तक रैली

भाजपा प्रत्याशी कृपाल परमार के समर्थन में लोगों ने तलवाड़ा से लेकर फतेहपुर तक एक रैली निकाली। इसमें भारी संख्या में पार्टी कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।  रैली के दौरान सड़क पर गाडि़यों की बाढ़ आ गई। कृपाल परमार को  फूलों से सजी खुली गाड़ी में लाया गया। समर्थकों ने उनका जगह-जगह स्वागत किया। इस अवसर पर भाजपा के  कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के मीडिया प्रभारी प्रदीप शर्मा, भाजपा संगठनात्मक जिला नूरपुर के वरिष्ठ  उपाध्यक्ष डा. सतीश कुमार शर्मा, उपाध्यक्ष प्रवीण राणा, महामंत्री रणवीर सिंह निक्का,  प्रदेश भाजयुमो के सचिव पंकज हैप्पी,  भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष ओपी चौधरी के अलावा भाजपा नेता जगदेव सिंह, करतार सिंह, रविंद्र शर्मा,  बगीचा सिंह, मनोज, अजय पठानिया व तरसेम राणा सहित कार्यकर्ता मौजूद थे


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App