बिलासपुर में महर्षि वाल्मीकि जी को किया याद

By: Oct 6th, 2017 12:05 am

बिलासपुर —  जिन महर्षि वाल्मीकि जी महाराज ने भगवान श्रीराम के जीवन को लिपिबद्ध किया और समाज को एक ऐसा संदेश दिया कि यदि उस पर हम अमल करें, तो अपने जीवन को साकार कर सकते हैं। गुरु महर्षि वाल्मीकि जी भगवान के  भी गुरु रहे हैं, तो उनका महत्त्व और भी बढ़ जाता है। यह बात बिलासपुर में आयोजित महर्षि वाल्मीकि  प्रकटोत्सव के अवसर पर आदि धर्म समाज बिलासपुर इकाई द्वारा आयोजित भंडारे के दौरान बतौर मुख्यातिथि पहुंचे भाजपा पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष ठाकुर ने कही। उन्होंने कहा कि महर्षि वाल्मीकि का हर संदेश समाज को ऊंचाई की ओर ले जाना वाला है। यह मानव पर निर्भर करता है कि वे इन बातों को कितना अपने आप में ढालकर अपने जीवन को सही मार्ग पर ले जाते हैं। माता सीता ने दो बालकों लव और कुश को जन्म दिया, इनकी शिक्षा दीक्षा भी स्वयं महर्षि वाल्मीकि जी ने की। इन दोनों बालकों के पराक्रम का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उन्होंने भगवान श्रीराम के अश्वमेघ यज्ञ के घोड़ों को अपने वश में कर लिया था। हमें हर साल कम से कम एक बुराई का त्याग कर महर्षि वाल्मीकि जी द्वारा बताए गए मार्ग पर चलने की कोशिश करनी चाहिए। कार्यक्रम में धर्म समाज बिलासपुर इकाई के प्रधान अशोक कुमार ने मुख्यातिथि का टोपी व शाल पहनाकर स्वागत किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App