ब्यास पुल के नीचे लाश

By: Oct 28th, 2017 12:10 am

नादौन  —  ब्यास पुल के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सुबह सैर को निकले लोगों ने पुल के नीचे शव को देखा। शव मिलने के बाद ज्वालामुखी पुलिस को सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान जेब में मिले उसके मोबाइल फोन के माध्यम से हुई है। मौत के कारणों का सही पता नहीं चल पाया है। पुलिस मौत के कारणों की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार कुलदीप सिंह निवासी गांव बस्सी मारूफ, हुसैनपुर होशियार का शव ब्यास पुल के नीचे मिला है। पुलिस मृतक की पहचान पुख्ता तौर पर करवाने में जुटी है। फोन पर जिन लोगों से पुलिस की बात हुई है ,उन्होंने बताया कि कुलदीप कुमार होशियारपुर के पास चौहाल की जेसीटी मिल में काम करता है। उसका अपने घर में किसी बात को लेकर विवाद चल रहा है। ऐसा भी पता चल रहा है कि यह युवक ज्वालामुखी मंदिर में माथा टेकने आया था। मृतक की जेब से एक ऐनक, बस की टिकटों सहित करीब दो सौ रुपए मिले हैं। शव को देखकर प्रतीत हो रहा था कि युवक सिर के बल पुल से नीचे गिरा है। उसके सिर पर गहरी चोट का निशान था। माना जा रहा है कि यह घटना गुरुवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच हुई है। घटनास्थल पर बिखरा खून पूरी तरह से जम चुका था। हैरानी की बात यह है कि होशियारपुर का यह व्यक्ति नादौन ब्यास पुल पर अकेला ही क्यों आया था। इस बात के भी क्यास लगाए जा रहे हैं कि कहीं आपसी रंजिश में उसे किसी ने जबरन पुल के नीचे तो नहीं फेंक दिया। मौका पर पहुंचे थाना प्रभारी ज्वालामुखी संदीप पठानिया ने बताया कि मृतक की शिनाख्त को पुख्ता करने के लिए फोन पर दावा करने वाले उसके परिजनों को थाना में बुलाया गया है। शव को कब्जे में लेकर आगे छानबीन की जा रही है। वहीं साथ सटे गुग्गा मंदिर के पीछे पुलिस को खून के छींटेंऔर बैल्ट मिली है। जिससे इस केस में नया मोड़ आ गया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App