भाजपा के सामने बागी चैलेंज

By: Oct 27th, 2017 12:01 am

पालमपुर से प्रवीण शर्मा और फतेहपुर में राजन सुशांत को नहीं मना पाई पार्टी

धर्मशाला – हिमाचल में सरकार बनाने को अहम भूमिका निभाने वाले 15 विधानसभा क्षेत्रों वाले कांगड़ा जिला में भाजपा व कांग्रेस के बागियों को मनाने के दावे खोखले ही निकले। न पालमपुर में भाजपा के पूर्व विधायक प्रवीण शर्मा ने नाम वापस लिया और न ही भाजपा के फतेहपुर से पूर्व प्रत्याशी बलदेव ठाकुर ने नाम वापस लिया है। भाजपा के राष्ट्रीय संगठन महामंत्री राम लाल व केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा के प्रयास भी यहां सफल नहीं हो पाए। हालांकि दोनों ही विधानसभा क्षेत्र बीजेपी के लिए अहम माने जा रहे हैं। पालमपुर में हाइकमान की पसंद व महिला मोर्चा की प्रदेशाध्यक्ष इंदु गोस्वामी मैदान में है, तो फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के प्रदेश महामंत्री कृपाल परमार मैदान में है। बावजूद इसके दोनों ही विधानसभा क्षेत्रों में भाजपा बागियों को नहीं मना पाई है। उधर, कांग्रेस की स्थिति भी कुछ ऐसी ही दिख रही है। कांगड़ा सदर में कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल के खिलाफ उन्हीं के पार्टी के डा. राजेश शर्मा मैदान में हैं। कांगड़ा में कांग्रेस के प्रयास सफल नहीं हो पाए, और अब एक ही विचारधारा के दो प्रत्याशी मैदान में है। इसी तरह धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र में भी कांग्रेस के बागी दिग्विजय पुरी नाम वापस लेने के अंतिम दिन तक नहीं माने, और वह चुनावी मैदान में डटे हुए हैं। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में भी कांग्रेस के बागी नेता मेजर विजय सिंह मनकोटिया वीरभद्र सिंह के खिलाफ पहले ही मोर्चा खोलकर मैदान में डटे हुए हैं। यह बागी नेता कांग्रेस की मुश्किलें बढ़ा सकते हैं।  हिमाचल प्रदेश विधानसभा चुनाव-2017 के तहत कांगड़ा जिला से दस उम्मीदवारों ने अपने नाम वापस ले लिए हैं। जिला कांगड़ा में प्रदेश भर से सबसे अधिक 117 उम्मीदवारों ने नामांकन पत्र दाखिल किए थे, जिसमें से 13 नामांकन पत्रों में त्रुटियां पाई जाने पर उन्हें अस्वीकार कर दिया गया था। इसके बाद शेष 104 उम्मीदवारों के नामांकन जांच करने के उपरांत सही पाए गए थे, जिनमें 10 उम्मीदवारों ने नाम वापस ले लिए हैं। अब जिला के 15 विधानसभा क्षेत्रों से 94 उम्मीदवार चुनाव मैदान में अपना भाग्य अजाएंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त कांगड़ा सीपी वर्मा ने बताया कि चुनाव में भाग लेने वाले विभिन्न पार्टी के उम्मीदवारों को चुनाव चिन्ह आबंटित कर दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि पालमपुर, बैजनाथ, जयसिंहपुर, सुलाह, ज्वालामुखी, नूरपुर, जवाली, शाहपुर से किसी भी उम्मीदवार ने अपना नाम वापस नहीं लिया है।

इन विधानसभा क्षेत्रों के उम्मीदवारों ने वापस लिए नाम

देहरा विधानसभा क्षेत्र

देहरा विधानसभा क्षेत्र से आजाद उम्मीदवार कुलवंत सिंह ने अपना नाम वापस लिया है

जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र

जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार संसार चंद तथा समाज अधिकार कल्याण पार्टी के राकेश कुमार ने अपने नाम वापस लिए हैं

कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र

कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार राज कुमार ने अपना नाम वापस ले लिया है

फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र

फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अश्वनी कुमार चौधरी तथा निर्दलीय उम्मीदवार चेतन सिंह ने अपने नाम वापस लिए हैं।

इंदौरा विधानसभा क्षेत्र

इंदौरा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार सुदेश देवी ने अपना नाम वापस लिया है

नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र

नगरोटा विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार अक्षय कुमार तथा रमेश चंद कौंडल ने अपने नाम वापस लिए हैं

धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र

धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से निर्दलीय उम्मीदवार दीपक शर्मा ने अपना नाम वापस लिया है


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App