भाजपा ने चकाचक किया लुहणू मैदान

By: Oct 5th, 2017 12:05 am

बिलासपुर —  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के बाद यहां गोबिंदसागर किनारे लुहणू मैदान पर बिखरा कचरा समेटने के लिए बुधवार को भाजपा कार्यकर्ताओं ने साफ-सफाई अभियान चलाया। इस मौके पर कार्यकर्ताओं ने खूब पसीना भी बहाया। रैली स्थल पर जगह-जगह बिखरे पानी के खाली पाउच व बोतलें तथा बिस्कुट आदि के खाली रैपर एकत्रित किए गए। इसके साथ ही सुरक्षा कर्मियों द्वारा चैकिंग के दौरान लोगों की जेबों से निकाले गए तंबाकू उत्पादों के पैकेट भी समेटे गए। ग्राउंड में बिखरा कचरा समेटकर उसे ठिकाने लगाया गया। एम्स के शिलान्यास के बाद लुहणू मैदान में आयोजित पीएम मोदी की रैली में न केवल खूब भीड़ उमड़ी, बल्कि बड़े पैमाने पर कचरा भी फैला। रैली में पहुंचे लोगों के लिए भाजपा द्वारा पानी के पाउचों व बोतलों की व्यवस्था की गई थी। इसके साथ ही बिस्कुट भी बांटे गए, जिससे यहां चारों ओर गंदगी की भरमार सी हो गई थी। इसके अलावा रैली खत्म होने के बाद भाजपा की टोपियां व पटाखों जैसी सामग्री भी पूरे मैदान में बिखरी हुई नजर आई। हालांकि रैली के बाद सांसद अनुराग ठाकुर ने ग्राउंड में सफाई के लिए श्रमदान किया था, लेकिन पंडाल में कुर्सियां व अन्य सामान होने के कारण सही ढंग से सफाई नहीं हो पाई। रैली में मोदी ने स्वच्छता के लिए प्रदेशवासियों की सराहना करते हुए उनसे स्वच्छता अभियान को और गति प्रदान करने का आह्वान किया था। मोदी की बात पर अमल करते हुए बुधवार को रैली के सहप्रभारी एवं प्रदेश भाजपा सचिव त्रिलोक जम्वाल की अगवाई में लुहणू मैदान में सफाई अभियान चलाया गया। इसमें जिला भाजपा महासचिव भीम चंदेल, सचिव स्वदेश ठाकुर, शहरी मंडल अध्यक्ष राजू दबड़ा, नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष आशीष ढिल्लों व भाजयुमो के प्रदेश प्रवक्ता पंकज शर्मा के साथ ही रजनीश ठाकुर व हर्ष मेहता समेत कई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App