भाजपा से छिना गुरदासपुर

By: Oct 16th, 2017 12:05 am

कांग्रेस ने 193219 वोटों से जीता उपचुनाव, आप की जमानत जब्त

 पठानकोट —  गुरदासपुर लोकसभा सीट पर सत्तारूढ़ कांग्रेस ने भाजपा-अकाली गठबंधन को उसके गढ़ में करारी शिकस्त देते हुए 193219 मतों से बड़ी जीत दर्ज की। इस सीट पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष व प्रत्याशी सुनील जाखड़ को  499752 वोट मिले, जबकि भाजपा गठबंधन के स्वर्ण सलारिया को 306533 वोट ही मिले। उधर, आम आदमी पार्टी के सुरेश खजूरिया को सिर्फ 23579 वोट मिले और उनकी जमानत जब्त हो गई। यह सीट भाजपा सांसद व अभिनेता विनोद खन्ना के निधन पर खाली हुई थी। इस सीट पर नौ विधानसभा हलके पड़ते हैं और इनमें से सात में कांग्रेस का कब्जा है तथा एक-एक सीट भाजपा तथा अकालियों के पास है। उपचुनाव में भारी जीत से उत्साहित पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंदर सिंह और सुनील जाखड़ ने इसे देश की राजनीति के लिए नई दिशा करार दिया है। उन्होंने कहा कि गुरदासपुर उपचुनाव के परिणाम से 2019 में राहुल गांधी के प्रधानमंत्री बनने की नींव पड़ी है। यह जीत भाजपा की गलत नीतियों के प्रति जनता के असंतोष को दर्शाती है। पंजाब के स्थानीय निकाय मंत्री नवजोत सिंह ने उपचुनाव के नतीजे को राहुल गांधी को दिवाली का गिफ्ट बताया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App