भ्रष्टाचार से लड़ने को लिया प्रण

By: Oct 31st, 2017 12:05 am

भुंतर —  जिला कुल्लू के पार्वती पावर स्टेशन-तीन भ्रष्टाचार के प्रति लोगों को जागरूक करवाएगा। सोमवार को यहां पर सतर्कता जागरूकता सप्ताह का शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर पावर स्टेशन के महाप्रबंधक चंद्रबली सिंह ने सभी अधिकारियों व कर्मचारियों को सतर्कता जागरूकता के प्रति शपथ दिलाई। उन्होंने कार्मिकों से इस दौरान भ्रष्टाचार को न फैलाने और भ्रष्टाचार फेलाने वालों को रोकने के प्रति प्रेरित किया और इसके बारे में जागरूक किया। यह कार्यक्रम सात नवंबर तक चलेगा। इस दौरान कार्मिकों, महिलाओं व बच्चों को सतर्कता जागरूकता की जानकारी देने संबंधी विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किया जाएंगे। इस मौके पर प्रबंधक (जनसंपर्क) एसआर गुप्ता ने आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि पावर स्टेंशन में सतर्कता जागरूकता सप्ताह के दौरान 30 अक्तूबर को शपथ ग्रहण समारोह, 31 अक्तूबर को अधिकारियों व कर्मचारियों व परिवार के सदस्यों के लिए भ्रष्टाचार मुक्त भारत-एक लक्ष्य विषय पर निबंध प्रतियोगिता और संगठन को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने में कार्मिक की भूमिका विषय पर कविता पाठ प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। पहली नवंबर को बच्चों व कार्मिकों के लिए सत्यवादिता और बचपन तथा क्या युवा वर्ग समाज में भ्रष्टाचार के दृश्य को बदल सकते हैं। विषय पर कविता पाठ और दो नवंबर को कार्मिकों के लिए भ्रष्टाचार मुक्त भारत-एक लक्ष्य विषय पर वाद-विद प्रतियोगिता और स्थानीय पंचायतों के प्रतिनिधियों के साथ ग्राम सभा आयोजित की जाएगी। तीन नवंबर को लेडीज वेलफेयर एसोसिएशन के साथ मिलकर  भ्रष्टाचार निवारण में महिलाओं की भागीदारी विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता और भ्रष्टाचार मुक्त समाज निर्माण में नारी की भूमिका विषय पर  कविता पाठ का आयोजन किया जाएगा। छात्रों के साथ नारा लेखन एवं भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का समापन समारोह सात नवंबर को होगा, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम और विजेता कार्मिकों को पुरस्कार वितरित किए जाएंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App