यमुनानगर में संघ ने किया पथ संचलन

By: Oct 2nd, 2017 12:02 am

स्थापना दिवस पर विभाग कार्यवाह ने लोगों से किया एकजुट रहने का आह्वान

यमुनानगर      —  राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के स्थापना दिवस विजयादशमी के अवसर पर संघ के द्वारा शस्त्र पूजन व पथ संचलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह पथ संचलन शहर के विभिन्न मार्गों से होता हुआ मुख्य कार्यक्रम स्थल जिंदल पार्क सिटी सेंटर में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में कुल संख्या 105 रही। मौके पर स्वयं सेवकों को संबोधित करते हुए विभाग कार्यवाह अमर सिंह ने कहा कि 1925 को विजयदशमी के दिन ही संघ की स्थापना, सरसंघचालक डाक्टर केशवराव बलीराम हेडगेवार व उनके राष्ट्र भक्त मित्रों ने मिलकर की थी। उन्होंने बताया कि जिस समय हम परतंत्र थे, उस समय चारों तरफ  स्वाधीनता के लिए संघर्ष चल रहा था। मगर डाक्टर हेडगेवार इस बात को लेकर चिंतित थे कि जब देश आजाद हो जाएगा, तब किस प्रकार से अपने देश की स्वतंत्रता को सुरक्षित रखा जाएगा। उन्हें तब ध्यान आया कि जब तक देश के नागरिक संगठित नहीं होगें, छुआ-छूत, विभिन्न प्रकार के भेदभाव, वैमनस्यता व ऊंच-नीच का भाव समाप्त नहीं होगा, तक तक देश की स्वतंत्रता का कोई अर्थ नहीं। इस बात को लेकर उन्होंने व उनके साथियों ने संघ की स्थापना की। आज संघ सामाजिक जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में बडे ही प्रभावपूर्ण तरीके से कार्य कर रहा है। उन्होंने उपस्थित स्वयं सेवकों का आह्वान किया कि सामाजिक समरस्ता का भाव हृदय में भरकर व पिछड़ी बस्तियों में चल रहे सेवा के कार्यों में योगदान दें। जो पिछड़ गए हैं, उनको गले लगाकर समाज की मुख्य धारा में लाने का कार्य करें। उन्होंने कहा कि एक अक्तूबर से 15 अक्तूबर 2017 तक स्वदेशी जागरण का अभियान चलने वाला है। उसमें बढ़चढ़ कर भाग लें और समाज को स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग की प्रेरणा दें, क्योंकि जब तक हम स्वदेशी की भावना से कार्य नहीं करेंगे, अपना समाज और राष्ट्र समृद्ध और सशक्त नहीं बन पाएगा। दीपावली की दृष्टि से खासतौर पर चीन निर्मित वस्तुओं का प्रयोग बिल्कुल न किया जाए, इसका प्रचार-प्रसार प्रभावी रूप से किया जाए। इस अवसर पर जिला सह संपर्क प्रमुख गौरव आर्य सहित संघ के अनेक दायित्वान कार्यकर्ता व स्वयं सेवक उपस्थित थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App