राम को बनाएं अपना आदर्श

By: Oct 2nd, 2017 12:02 am

अंबाला में दशहरा कार्यक्रम में विधायक गोयल ने दिया संदेश

अंबाला —  विधायक असीम गोयल ने कहा कि हमें मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्री राम के जीवन दर्शन से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में नैतिक मूल्यों को धारण करना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक आदर्श समाज में पिता, पुत्र, भाई, सेवक और पत्नी के रूप में प्रत्येक नागरिक को अपने दायित्व के प्रति सजग रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि दशहरा पर्व बुराई पर अच्छाई की जीत है तथा हमें समाज में फैली कुरुतियों को जड़ से खत्म करना है। साथ ही लोगों का आह्वान किया कि वे स्वदेशी वस्तुओं का प्रयोग करें और चाईना के सामान को न खरीदें तथा अन्य लोगों को चाईना से बनी वस्तुएं व अन्य सामान न खरीदने के लिए प्रेरित करें। इस अवसर पर उन्होंने मानव रंगमंच के कलाकारों को पुरस्कार देकर सम्मानित भी किया। श्री गोयल आज दशहरा के अवसर पर श्री सनातन धर्म सभा द्वारा आयोजित सेक्टर-8 अंबाला शहर व रामबाग में आयोजित दशहरा पर्व में उपस्थित दर्शकों को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भगवान राम ने रावण का वध करके बुराई का अंत किया था और इसी प्रकार भगवान कृष्ण ने कंस का वध करके बुराई को समाप्त किया था। इस अवसर पर रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतले जलाए गए। सैक्टर-8 में विधायक गोयल ने रावण के पुतले को अग्नि दी। इन कार्यक्रमों में आतिशबाजी का भव्य आयोजन किया गया था और हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं ने श्रीराम के जयघोषों के साथ भगवान राम के प्रति अपनी आस्था प्रकट की। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल भी हरियाणा प्रदेश की राजनीति में वर्षों से व्याप्त भ्रष्टाचार की बुराई को समाप्त करने में लगे हुए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के एक आदर्श मुखिया के रूप में वे न केवल स्वंय ईमानदारी और पारदर्शिता से प्रदेश को चला रहे हैं बल्कि वे प्रेरणा के स्त्रोत भी हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App