राहुल संभालें कांग्रेस की कमान

By: Oct 7th, 2017 12:01 am

उत्तराखंड के पूर्व सीएम हरीश रावत ने नैनीताल में कही मन की बात

नैनीताल – उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस के युवराज राहुल गांधी को जल्द कांग्रेस की कमान पूरी तरह से संभाल लेनी चाहिए। देश अब अधिक इंतजार नहीं कर सकता है। श्री रावत ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के अंदर इस मामले में कोई मतभेद नहीं हैं और श्री गांधी के अध्यक्ष बनाए जाने को लेकर सर्वानुमति है। उन्होंने इस मौके पर मोदी सरकार पर भी हमला बोलते हुए कहा कि देश मोदी सरकार की नीतियों से अजीज आ चुकी है और 2019 में कांग्रेस पार्टी अखिल भारतीय स्तर पर सहयोगी दलों के साथ मिलकर भारी समर्थन से सरकार बनाएगी। कांग्रेस के पूर्व मुख्यमंत्री शुक्रवार को नैनीताल स्थित राज्य अतिथि गृह में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर भी हमला बोला और कहा कि केंद्र की मोदी सरकार हर मोर्चे पर विफल रही है। सरकार का देश की अर्थव्यवस्था पर कोई नियंत्रण नहीं है। महंगाई लगातार बढ़ रही है। देश की आंतरिक सुरक्षा एवं सीमाओं की सुरक्षा खतरे में है। सरकार हर कसौटी पर फेल हो रही है। सरकार आम जनता के बजाए अंबानी और अडानी बंधुओं को फायदा पहुंचा रही है। उन्हें के अनुकूल नीतियां बनायी जा रही है। देश में पेट्रोलियम पदार्थों के दाम उन्हीं के इशारों पर तय किए जा रहे हैं तथा दूरसंचार के सबसे बड़ी कंपनी बीएसएनएल के बजाए निजी कंपनी को फायदा पहुंचाया जा रहा है। श्री रावत ने कहा कि जब से केंद्र में मोदी सरकार आई है, तब से देश में निरंकुशता का माहौल व्याप्त है। निरंकुशता का वातावरण बनाया जा रहा है। यह लोकतंत्र के लिए घातक है। उन्होंने एक प्रश्न के जवाब में कहा कि देश में आपातकाल के समय में निरंकुशता के बारे में कुछ स्वर उभरे थे, लेकिन आज स्वर उभर नहीं रहे हैं। तब लोगों की आवाज को दबाया नहीं गया था। स्वस्थ लोकतंत्र में विपक्ष को भी सत्तापक्ष के समकक्ष ही सबल होना चाहिए।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App