रैली के बाद अब वीडियो वार

By: Oct 5th, 2017 12:05 am

बिलासपुर —  बिलासपुर में प्रधानमंत्री की आभार रैली के बाद अब भाजपा हिसाब मांगे हिमाचल अभियान के तहत लांच किए गए दो वीडियो को लेकर जनता के बीच जाएगी। अभियान का शुभारंभ बिलासपुर से पहली अक्तूबर को हो चुका है, लेकिन रैली की सफलता की तैयारियों में जुटी भाजपा अब हर चुनाव क्षेत्र में रथों पर लगे एलईडी के माध्यम से कांग्रेस सरकार और विधायकों की कारगुजारियों का पर्दाफाश करेगी। जानकारी के अनुसार हिसाब मांगे हिमाचल अभियान के तहत लांच किए गए दो डाक्यूमेंटरी वीडियो को भाजपा राज्य की कांग्रेस सरकार के खिलाफ बारूद बनाकर विस्फोट करने के लिए कूच कर चुकी है। प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों के लोगों की राय के आधार पर  वीडियो के रूप में तैयार किए गए इन वीडियो के जरिए भाजपा जनता की जुबानी कांग्रेसी विधायकों से पांच साल का हिसाब मांगा जाएगा। यह वीडियो जनप्रतिनिधियों को भी उपलब्ध करवाई जाएगी, ताकि वे इनके माध्यम से जन-जन तक पहुंचें। बता दें कि विधायक जी जवाब दो, नामक पहला वीडियो क्लिप चार मिनट और 14 सेकंड का है, जिसमें प्रदेश के कांग्रेस शासित विधानसभा क्षेत्रों के विधायकों से जनता को जवाबतलबी करते हुए दिखाया है। मैं हूं हिमाचल नामक दूसरा वीडियो तीन मिनट 40 सेकंड का है, जिसमें वन एवं ड्रग माफिया मंडी के होशियार सिंह की मौत की अनसुलझी पहेली, कोटखाई बिटिया प्रकरण में सरकार का दोहरा चेहरा सामने आने से दुखी जनता का दर्द बखूबी दिखाया गया है। परिवर्तन रथों में एलईडी लगाई गई हैं, जिनके माध्यम से प्रदेश के प्रत्येक चुनाव क्षेत्र में गांव-गांव गली-गली और शहर-शहर विधायकों से हिसाब मांगती हुई जनता को इन वीडियो के जरिए दिखाया जाएगा। आभार रैली की सफलता से गदगद भाजपा कांग्रेस सरकार पर आगामी दिनों में और आक्रामक होगी। सभी प्रदेश में चुनाव के मद्देनजर आचार संहिता लगने का इंतजार कर रहे हैं। भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष रणधीर शर्मा की मानें तो इस बार चुनाव में जीत का डंका बजाने के लिए तैयार हैं और जनता भी बदलाव के मूड में है, लिहाजा प्रदेश में सत्ता परिवर्तन निश्चित है। हिसाब मांगे हिमाचल अभियान के तहत लांच किए गए दो वीडियो में जनता खुद सरकार व विधायकों की नाकामियां गिना रही है। ऐसे में दुखी जनता अब सत्ता परिवर्तन को लेकर बेताब है।

रैली की सफलता के लिए कहा थैंक्स

आभार रैली को सफल बनाने के लिए विधायक रणधीर शर्मा ने बिलासपुर व प्रदेश की जनता का आभार प्रकट किया है। उन्होंने कहा कि नयनादेवी क्षेत्र से भी हजारों की संख्या में लोग रैली में पहुंचे हुए थे। रैली में जनता का उत्साह देखते ही बन रहा था तभी तो लोग तीन से चार घंटे तक कड़ी धूप में प्रधानमंत्री के दीदार के लिए बैठे रहे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अब तक की यह सबसे बड़ी रैली थी, जिसमें खुद प्रधानमंत्री ने रैली को आठ मंजिला करार दिया। उन्होंने बताया कि जनता मोदी की शुक्रगुजार है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App