शहर शांत…पर गांवों में जमकर धमाके

By: Oct 21st, 2017 12:05 am

हमीरपुर —  दीपावली के पावन पर्व पर न्यायालय के आदेशों का हमीरपुर शहर में पूरी ने तरह पालन किया गया। हालांकि ग्रामीण क्षेत्रों में इसके विपरीत देखने को मिला है। यहां पर रात भर पटाखों का शोर सुनाई दे रहा था। हमीरपुर शहर में रात दस बजे के बाद पटाखों का शोर एकदम थम गया। दीयों व टिमटिमाती लाइटों से ही घर रोशन हो रहे थे। दिवाली की रात शहर व नगर परिषद क्षेत्र में चकाचौंध रही। पुलिस की टीमें भी न्यायालय के आदेशों का पालन करवाने के लिए शहर में निरंतर गश्त करती रहीं। हालांकि शाम सात बजे से लेकर रात करीब नौ बजे तक खूब पटाखे चले। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में रात भर पटाखों का दौर चलता रहा। शाम करीब नौ बजे तक पटाखा बाजार गर्म रहा। छोटे क्षेत्रों में दुकानदारों ने काफी चांदी कूटी है। ग्रामीण क्षेत्र में न्यायालय के आदेशों की पालना नहीं हुई है। यही कारण है कि ग्रामीण क्षेत्रों से आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं। दिवाली की रात जोल सप्पड़ व हमीरपुर के वार्ड नंबर आठ में गोशालाएं आग की भेंट चढ़ी हैं।  गुरुवार को दीपावली का पर्व जिला में धूमधाम से मनाया गया। हमीरपुर में पटाखा मार्केट टाउन हाल हमीरपुर में सजी थी। शहर में मात्र यहीं पर पटाखों की मार्केट लगाई गई थी। पुलिस अधीक्षक हमीरपुर रमन कुमार का कहना है कि न्यायालय के आदेशानुसार रात को दस बजे के बाद हमीरपुर शहर में पटाखे नहीं किए गए हैं। नगर परिषद क्षेत्र में रात को शांति का माहौल रहा। पुलिस शहर में निरंतर गश्त कर रही थी। लोगों की सुविधा के लिए गांधी चौक पर यातायात पूरी तरह प्रतिबंधित था।

शोर-शराबे की दिवाली से किया परहेज

बता दें कि इस बार लोगों ने शोर-शराबे की दिवाली को तवज्जो नहीं दी है। पिछले वर्ष पटाखों का शोर अधिक सुनाई दिया, वहीं इस बार शोर आधा था। ग्रामीण क्षेत्रों में भी जागरूकता का असर देखने को मिला है। ऐसे में शांतिपूर्वक दिवाली मनाने के प्रयास कुछ हद तक सफल होते दिख रहे हैं। इस बार लोगों ने दीपावली के पोस्टर, घरेलू दीये, टिमटिमाती लाइटों की अधिक खरीददारी की है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App