शिमला से पांगी को गिफ्ट

By: Oct 5th, 2017 12:05 am

पांगी —  मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बुधवार को शिमला से पांगी में करोड़ों रुपए की विकास योजनाओं के शिलान्यास व उद्घाटन कर लोगों को सौगातें सौंपी। मुख्यमंत्री ने बुधवार को तीन विकास योजनाओं का लोकार्पण करने के अलावा पांच विकास कार्यो की आधारशिला रखी। इस मौके पर वन एवं मत्स्य मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी विशेष तौर से मौजूद रहे। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने बुधवार को राजकीय उच्च पाठशाला साहली में नवनिर्मित अतिरिक्त कमरों, गैस भंडारण केंद्र धरवास, हुडान- धनवास मोटर योग्य सड़क, उदीन नाला से हिलटवान सड़क व रेई- खजियार वाहन योग्य सड़क का शिमला से ऑनलाइन लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने पशु चिकित्सालय सेचू, उदीन पुल और सेरी- भटवास बहाव सिंचाई योजना फेस- दो की आधारशिला रखने की रस्म भी अदा की। वन एवं मत्स्य मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने पांगी को करोड़ों रुपए की विकास योजनाएं देने के लिए मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि पांगी में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में अथाह विकास कार्य हुआ है। इस मौके पर आरसी पांगी रोहित राठौर व एसडीएम डा. सुरिंद्र ठाकुर के अलावा विभिन्न विभागों के अधिकारियों के अलावा कांग्रेस पदाधिकारी मौजूद रहे। तदोपरांत वन एवं मत्स्य मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने किलाड में कांग्रेसी कार्यकर्ताओं की बैठक में शिरकत भी की। बैठक में चुनावी तैयारियों का जायजा लेने के साथ- साथ आगामी दिशा- निर्देश भी दिए गए। इस दौरान पांगी के कर्मठ कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को विशेष तौर से सम्मानित भी किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App