सुंदर ठाकुर ने मणिकर्ण में किया प्रचार

By: Oct 31st, 2017 12:05 am

कुल्लू —  देवभूमि कुल्लू की सर्द फिजाओं में राजनीतिक  सरगर्मियां पूरी तरह से उबाल पर हैं। चुनावी रण में उतरे सभी प्रत्याशियों ने चुनाव प्रसार अभियान में अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार को कुल्लू सदर से कांग्रेस प्रत्याशी सुंदर सिंह ठाकुर ने मणिकर्ण घाटी की विभिन्न जगहों पर जनसभाओं का आयोजन कर अपने लिए वोट मांगे। उन्होंने जरी, कसोल और बरशैणी में विभिन्न नुक्कड़ जनसभाओं का आयोजन कर पिछले पांच सालों में कांग्रेस सरकार की ओर से किए गए विकासात्मक कार्यों से लोगों को अवगत करवाया। कसोल में जनसभा को संबोधित करते हुए सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि घाटी के उत्थान के लिए उनके हमेशा ही प्रयास रहे हैं। कसोल को हमेशा कांग्रेस ने पर्यटन की दृष्टि से उत्थान करने का प्रयास किया है। कसोल में कांग्रेस सरकार ने नेचर पार्क का निर्माण करने की भी कोशिश की है सरकार के इस प्रयास से कसोल में पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा। चुनावों की इन सरगर्मियों में अधिकतर भाजपा के लोगों ने भाजपा को छोड़ कर कांग्रेस का दामन थामा। सुंदर सिंह ठाकुर ने बताया कि मंगलवार को भुंतर में  मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह एक जनसभा को भी संबोधित करने जा रहे हैं। इस मौके पर कांग्रेस प्रत्याशी सुंदर सिंह ठाकुर के साथ कुल्लू कांग्रेस के अन्य कई दिग्गज भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App