सोहारी में बताई मुख्यमंत्री कन्यादान योजना

By: Oct 4th, 2017 12:05 am

जोल —  बाल विकास परियोजना धुंदला के तत्त्वावधान में मंगलवार को ग्राम पंचायत सोहारी के पंचमुखी महादेव मंदिर में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ के एकदिवसीय शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला कार्यक्रम अधिकारी रणजीत सिंह ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की व विभाग की ओर से चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। रणजीत सिंह ने बताया कि प्रत्येक दस साल के बाद सरकार के द्वारा जनगणना को करवाया जाता है और उन्हीं आंकड़ों के आधार पर विभिन्न प्रकार की योजनाओं को जरूरत के अनुसार बनाया जाता है। इसी के चलते भारत सरकार के आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2011 में हुई जनगणना के अनुसार पूरे भारतवर्ष में एक हजार लड़कों के पीछे 918 लड़कियों की संख्या थी। हिमाचल में यह स्थिति एक हजार के पीछे 906 लड़कियों की थी। जिला ऊना में इनका आंकड़ा एक हजार लड़कों के पीछे 875 लड़कियां थीं। बाल विकास अधिकारी धुंदला हरीश मिश्रा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री कन्यादान योजना को शुरू किया। इस योजना के तहत अगर कन्या के पिता की मृत्यु हो गई है, तो लड़की की शादी पर 40 हजार रुपए विभाग द्वारा प्रदान किए जाते हैं, जबकि मदर टेरेसा योजना के तहत आर्थिक मदद की जाती है। गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवार में लड़की का जन्म होता है तो उसी समय लड़की के नाम पर दस हजार की फिक्सड डिपॉजिट जमा करवाया जाता है, जो कि लड़की के बालिग होने पर उसे मिलता है। प्रधानमंत्री बाल सरक्षंण योजना के तहत जीरो से 18 साल तक के बच्चों को गंभीर बीमारी होने पर चार लाख तक के इलाज के पैसे सरकार देती है।  राष्ट्रीय परिवार संरक्षण योजना के तहत  परिवार, जिसमें 18 से 59 साल तक की आयु के किसी शख्स की मौत हो जाती है तो परिवार को बीस हजार रुपए की आर्थिक मदद जी जाती हैं।  सुकन्या समृद्धि योजना के तहत शून्य से 12 साल की लड़की का बैंक में खाता खुलवाने पर ज्यादा ब्याज दिया जा रहा है। प्रदेश में कुल 28 बाल-बालिका आश्रम हैं। इनमें 18 गैर सरकारी और 10 सरकारी आश्रम हैं। इसमें दो संस्थान ऊना जिला में हैं, जो कि संप्रेषण गृह समूरकलां और प्रेम आश्रम ऊना है। इस अवसर पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा लघु नाटिका प्रस्तुत करके बेटी है अनमोल स्लोगन की सार्थकता को दर्शाया गया।  कार्यक्रम में सुपरवाइजर सरोज कुमारी, सोमनाथ शर्मा, रीता मल्होत्रा, दर्शना देवी, संजोगिता देवी, सीमा शर्मा, सुनीता, रीटा, संतोष, साधना शर्मा आदि मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App