स्टोक्स का आग्रह ठुकरा न सका

By: Oct 16th, 2017 12:07 am

शिमला – ठियोग-कुमारसैन से चुनाव लड़ने के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के ऐलान के बाद ठियोग के कांग्रेसी कार्यकर्ता बेहद खुश हैं। इन लोगों ने वीरभद्र सिंह से कहा कि वे खुद को सौभाग्यशाली मानते हैं कि विद्या स्टोक्स के बाद उन्हें वीरभद्र सिंह का नेतृत्व मिल रहा है। यहां बड़ी संख्या में मुख्यमंत्री के सरकारी आवास ओकओवर में पहुंचे ठियोग के कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ उनका स्वागत किया और कहा कि वह वीरभद्र सिंह के नामांकन भरने का इंतजार करेंगे। 20 अक्तूबर को वह ठियोग से नामांकन भरने जा रहे हैं।   मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि उन्होंने मैडम स्टोक्स के आग्रह को स्वीकार किया है, जिसके बाद ठियोग से चुनाव लड़ने का मन बनाया। उन्होंने कहा कि उनके लिए पूरा हिमाचल एक है और हमेशा हिमाचल का एक समान विकास किया है जो आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि उन्होंने कभी क्षेत्रवाद की बात नहीं की। उनका कहना था कि वे पहले अर्की से चुनाव लड़ने पर विचार कर रहे थे, क्योंकि वहां से कांग्रेस काफी समय से नहीं जीती थी। वहां पर कांग्रेस मजबूत है, लेकिन गुटबाजी के कारण नहीं जीत पा रही। फिर मैडम स्टोक्स ने ठियोग से लड़ने की बात कही और वह इस आग्रह को ठुकरा नहीं सके। उन्होंने कहा कि वीरभद्र सिंह विकास के मसीहा हैं और उनके नेतृत्व में ठियोग कुमारसेन में विकास को और गति मिलेगी। उ

मेरी रिटायरमेंट का टाइम आ गया…

विद्या स्टोक्स ने कहा कि उनकी राजनीति से रिटायरमेंट का समय आ गया था, जिस पर बच्चों से चर्चा की और उन्होंने भी कहा कि वह अब राजनीति से दूर रहें। फिर यह निर्णय लिया कि वह अब चुनाव नहीं लड़ेंगी और तय किया कि ठियोग से मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ही लड़ेंगे।

कार्यकर्ताओं संग विद्या स्टोक्स भी मौजूद

इन कार्यकर्ताओं के साथ यहां वरिष्ठ मंत्री विद्या स्टोक्स भी मौजूद रहीं, जिन्होंने भी सीएम के ऐलान पर खुशी जताई। उनके साथ विक्रमादित्य सिंह, अतुल शर्मा, प्रकाश ठाकुर, देवेंद्र श्याम, यशवंत छाजटा, विजयपाल खाची, चुनीलाल वर्मा समेत कई अन्य नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

नाराज राजेंद्र वर्मा नहीं आए

ठियोग से कांग्रेस टिकट पर दो दफा चुनाव लड़ चुके राजेंद्र वर्मा सीएम से मिलने आए समर्थकों में शामिल नहीं थे। बताया जाता है कि वह सीएम के ऐलान से नाखुश हैं और इसी कारण वह दूसरे समर्थकों की खुशी में शामिल होने नहीं पहुंचे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App