हमारी नहीं, नींद तो वीरभद्र की उड़ी हुई है

By: Oct 31st, 2017 12:10 am

भाजपा प्रत्याशी अनिल शर्मा का कांग्रेस पर पलटवार; बोले, मंडी से हमेशा किया भेदभाव

मंडी —  कांग्रेस से भाजपा में शामिल हुए सदर से भाजपा से प्रत्याशी अनिल शर्मा ने कहा कि उनके परिवार के भाजपा में शामिल होने के बाद किसकी नींद उड़ी है, यह सबको पता है। अनिल शर्मा ने कहा कि पंडित सुखराम के कांग्रेस को छोड़ते ही मंडी जिला में एक नई क्रांति का सूत्रपात हुआ है और वीरभद्र सिंह व उनके नेताओं की नींद उड़ चुकी है। 18 दिसंबर के बाद प्रदेश की जनता वीरभद्र सिंह और भ्रष्टाचार में डूबे उनके नेताओं को प्रदेश से भी बाहर का रास्ता दिखा देगी। सोमवार को अपने चुनाव प्रचार अभियान के दौरान अनिल शर्मा ने सदर विधानसभा क्षेत्र में बाड़ी गुमाणू, धन्यारी, घेरू सदोह, खडकल्याणा, तरनोह, नलहोग और अन्य जगहों पर वोट मांगे। इस दौरान अनिल शर्मा को लोगों का खूब समर्थन मिला। इस अवसर पर लोगों को संबोधित करते हुए अनिल शर्मा ने कहा कि वीरभद्र सिंह ने मंडी सदर से ही नहीं, बल्कि पूरे मंडी जिला से भेदभाव किया है। उन्होंने कहा कि मंडी सदर के साथ तो वीरभद्र सिंह ने हमेशा भेदभाव किया है। उन्होंने कहा कि यही कारण है कि जब उनको लगा कि वीरभद्र मंडी की जनता से धोखा कर रहे हैं और विकास की राह में रोड़े अटका रहे हैं, तो उन्होंने कांग्रेस पार्टी के अलविदा कह दिया। उन्होंने कहा कि वीरभद्र पार्टी को अपनी जागीर समझते हैं। उन्होंने कहा कि अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियों के साथ जुड़ कर मंडी सदर का और अधिक विकास करवाया जाएगा। उन्होंने कहा कि मंडी का विकास करवाना उनका एक लक्ष्य है, जिसको किसी भी सूरत में पूरा करेंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App