हिमाचल-गुजरात के लिए टॉनिक

By: Oct 16th, 2017 12:04 am

गुरदासपुर लोकसभा सीट जीतने के बाद कांग्रेस दोनों राज्यों में विधानसभा चुनावों के लिए उत्साहित

पठानकोट —  कांग्रेस ने गुरदासपुर लोकसभा सीट आठ साल बाद बीजेपी से छीनकर कर कुछ दिन पहले ही दिवाली मना ली। गुजरात और हिमाचल प्रदेश में होने जा रहे विधानसभा चुनाव से पहले मिली इस जीत से कांग्रेस बेहद उत्साहित है। यही नहीं, अब कयास लगाए जा रहे हैं कि पार्टी इस नतीजे को केंद्र सरकार के फैसलों खासकर जीएसटी के खिलाफ जनता की प्रतिक्रिया बताते हुए सरकार के खिलाफ हमले को तेज करेगी। यह सीट फिल्म एक्टर व बीजेपी के वरिष्ठ नेता विनोद खन्ना के निधन के कारण खाली हुई थी। पंजाब के मुख्यमंत्री अमरेंदर सिंह ने सुनील जाखड़ की जीत को पंजाब कांग्रेस की नीतियों और विकासवादी एजेंडे की जीत बताया। पंजाब के मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं गुरदासपुर के लोगों को विश्वास दिलाता हूं कि सुनील जाखड़ द्वारा किए गए सभी वादों को पूरा किया जाएगा और विकास कार्यों को गति दी जाएगी। उन्होंने इसे कांग्रेस के पुनर्जीवन की दिशा में बड़ा कदम बताते हुए कहा कि पार्टी 2019 लोकसभा चुनाव से पहले तरक्की की ओर है। उधर, इस जीत के बाद कांग्रेस प्रत्याशी सुनील जाखड़ ने कहा कि मैं गुरदासपुर का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने पार्टी पर भरोसा जताया है।  लोगों का कांग्रेस को जिताना मोदी सरकार की नीतियों को जवाब है। जीत बताती है कि लोगों ने कैप्टन अमरेंदर सिंह के एडमिनिस्ट्रेशन पर भरोसा जताया है।

यह जीत राहुल को दिवाली का तोहफा

पठानकोट —  गुरदासपुर लोकसभा सीट पर कांग्रेस की जीत के बाद कैबिनेट मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि हम लोगों ने पार्टी उपाध्यक्ष राहुल गांधी को लाल रिबन में पैक करके दिवाली का उपहार भेंट किया है, क्योंकि यह आगे की राह तय करेगा। श्री सिद्धू ने कहा कि यह जीजा-साले (शिअद प्रमुख सुखबीर बादल और बिक्रम सिंह मजीठिया) के चेहरे पर यह जीत बड़ा तमाचा है। आज भाजपा यह समझ जाएगी कि अकाली दल पंजाब में बड़ा बोझ बन गई है। बार-बार लोगों ने उनको याद दिला दी है। गौर हो कि मतगणना रविवार सुबह आठ बजे शुरू हुई थी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App