हिमाचल में नहीं दौड़ा विकास का रथ

By: Oct 14th, 2017 12:01 am

गुजरात के कच्छ पहुंचे अनुराग ठाकुर का कांग्रेस पर हमला

शिमला – सांसद अनुराग ठाकुर गुजरात में गौरव यात्रा के लिए कच्छ पहुंचे। इस मौके पर उन्होंने कांग्रेस पर प्रहार करते हुए कहा कि राहुल गांधी द्वारा आरएसएस शाखाओं में महिलाओं पर दिया गया ब्यान अशोभनीय है, जो कांग्रेस की महिलाओं के प्रति सोच को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में कांग्रेस ने विकास के नाम पर कुछ नहीं किया, जबकि केंद्र की योजनाओं की लागू करने में भी प्रदेश सरकार नाकाम रही है।  इस दौरान उन्होंने कहा कि सही अर्थ से भाजपा के लिए कांग्रेस मुक्त भारत की शुरुआत गुजरात से ही हुई थी, क्योंकि यहां पिछले 22 साल से भाजपा की सत्ता है और आने वाले पांच साल भी भाजपा की ही सरकार रहेगी। उन्होंने कहा कि इस के चुनावों में कांग्रेस का पतन निश्चित है। नरेंद्र मोदी आज देश के प्रधानमंत्री हैं और यह गुजरात के लिए गौरव की बात है।  उन्होंने कहा कि गुजरात के चुनाव किस ओर जाएंगे, इसकी झलक अभी देखने को मिली है, जहां आठ में से छह निकाय सीटें भाजपा ने जीती हैं। उन्होंने कहा कि उनके गृह राज्य हिमाचल में भी गुजरात के साथ ही चुनाव होने जा रहे हैं। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश को विकास के मामले में कोसों मील पीछे कर दिया है। इसलिए गुजरात में भी जो सरकार पिछले 22 सालों से विकास कर रही है, उसे ही यहां की जनता वोट दे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश की सरकार केंद्रीय योजनाओं को भी ठीक से लागू नहीं कर पाई। वहीं, दूसरी ओर देश के दूसरे राज्य विकास में गुजरात को आदर्श मानते हैं और गुजरात के नक्शे कदम पर चलने की कोशिश करते हैं। अनुराग ठाकुर ने गुजरात के मुख्यमंत्री विजय रूपानी और स्थानीय सांसद विनोद चौवर के साथ छह जनसभा और 11 स्वागत समारोह में हिस्सा लिया।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App