1400 जवान देंगे चुनावों में पहरा

By: Oct 25th, 2017 12:05 am

कुल्लू विधानसभा चुनावों में बटालियन की अढ़ाई कंपनियां देंगी ड्यूटी

कुल्लू – चुनावी बिगुल बजने के बाद से जिला प्रशासन कुल्लू ने चुनावी तैयारियों पर जोर दिया है। चुनाव आयोग की ओर से अधिकारियों को विभिन्न जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। वहीं, जिला पुलिस कुल्लू ने भी चुनाव सुरक्षा का इंतजाम कर दिया है। हालांकि इन दिनों चुनाव को मद्देनजर कुल्लू पुलिस की टीमें विभिन्न जगहों पर तैनात हैं और हर वाहन की चैकिंग कर रही है।   सुरक्षा के लिए पैरामिलिट्री फोर्स, बटालियनें भी मंगवाई गई हैं। सामान्य पोलिंग बूथों में जहां बटालियन और कुल्लू पुलिस मोर्चा संभालेगी। वहीं, संवेदनशील जगहों पर मिलिट्री फोर्स सुरक्षा का जिम्मा संभालेंगे। जानकारी के अनुसार कुल्लू पुलिस विभाग ने विधानसभा चुनाव की सुरक्षा के लिए पैरामिलिट्री फोर्स से 250 जवान, होमगार्ड से 500 और बटालियन से अढ़ाई कंपनियां बुलाई गई हैं, जिसमें 400 जवान होंगे। वहीं, कुल्लू पुलिस के 250 जवानों की विधानसभा चुनाव की सुरक्षा पर ड्यूटी लगेगी। लिहाजा, कुल मिलाकर 1400 जवानों को सुरक्षा के लिए तैनात किया जाएगा। संवेदनशील बूथों पर मिलिट्री को तैनात किया जाएगा। सुरक्षा ड्यूटी में पुलिस और होमगार्ड की 20 प्रतिशत महिलाएं भी तैनात रहेंगी। दो नवंबर से सुरक्षा कर्मी मोर्चा संभालेंगे। बता दें कि जिला कुल्लू में 520 पोलिंग बूथ हैं, जिसमें संवेदनशील 11 और साधारण बूथ 450 हैं और क्रिटिकल 59 बूथ हैं। मनाली में 100, कुल्लू में 145, बंजार में 139 और आनी में 136 बूथ हैं। मनाली में 86 आर्डिनेरी, तीन हायपर और 11 क्रिटिकल बूथ हैं। वहीं, कुल्लू में आर्डिनेरी 125, हायपर दो और क्रिटिकल 18 हैं। बंजार में आर्डिनेरी 117, हायपर दो और क्रिटिकल 13 हैं। आनी विधानसभा क्षेत्र में आर्डिनेरी 115, हायपर चार और क्रिटिकल 17 बूथ हैं। तीन उड्नदस्ता टीमें भी अपना मोर्चा संभाले हुए हैं। यह टीम हर बिंदु पर अपनी पैनी नजर बनाए हुए है। वहीं, पुलिस ने भी पूरी तरह से कमर कस दी है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App