कांग्रेस ने ठगी जनता
घुमारवीं — भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र गर्ग ने कहा कि कांग्रेस ने लोगों को छला है। लोगों को गुमराह करने में कांग्रेस ने महारत हासिल कर ली है। झूठ-फरेब से लोगों को बहका रहे हैं। लेकिन, ये जो पब्लिक है, सब जानती है। कांग्रेस तथा उनके नुमाइंदों की पोल खुल कर सामने आ गई है। भाजपा नेता राजेंद्र गर्ग ने बुधवार को मरहाणा पंचायत के भटवाड़ा, छडोह व मकडाय सहित अन्य गांवों में जाकर लोगों से भाजपा के पक्ष में सपोर्ट करने का आह्वान किया। इस दौरान भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र गर्ग का जगह-जगह सैकडों महिलाओं सहित लोगों ने फूलमालाओं से स्वागत किया। भाजपा प्रत्याशी राजेंद्र गर्ग ने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र पिछले दस सालों से विकास में पिछड़ गया है। लोगों को आदर्श विधानसभा चुनाव का स्वप्न दिखाने वाले विधायक अपना तथा अपनों का विकास करवाने में ही व्यस्त रहे। चुनाव क्षेत्र के लोग मूलभूत सुविधाओं को तरस रहे हैं। गांवों में पानी की समस्या से लोग त्रस्त हैं। टूटी-फूटी सड़कें घुमारवीं के विकास की कहानी बयां कर रही है। जंगली जानवरों के आतंक से लोग परेशान हैं। बंदर किसानों की फसल को उजाड़ रहे हैं, लेकिन आम लोगों तथा किसानों की सुध लेने वाला कोई नहीं है। अब इस निकम्मी भ्रष्ट सरकार को उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। इस मौके पर विक्रम शर्मा, राकेश चोपड़ा, प्रेम सागर भारद्वाज, इंदु शर्मा, गायत्री, अंजु राणा, जमना देवी, मदन लाल, रक्षा कपिल, वीना ठाकुर व रती राम सहित सैकड़ों लोग उपस्थित थे।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App