पटाखों ने एक दर्जन पहुंचाए अस्पताल
ऊना — दीपावली पर पटाखे जलाते समय जिलाभर में करीब एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इनमें से आधा दर्जन लोग ही क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे हैं। जबकि कुछेक लोगों ने स्थानीय निजी चिकित्सकों से अपना उपचार करवाया। पटाखों की आग से झुलसे लोगों में एक बच्ची समेत छह लोग शामिल हैं, जो उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल पहुंचे। जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद डिस्चार्ज कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक चार वर्षीय पलक धीमान पुत्री अजय कुमार निवासी पंजावर पटाखे चलाते समय आग की चपेट में आ गई। वहीं चंदन कुमार(19) पुत्र राम रतन निवासी घालूवाल के आग की चपेट में आने से दोनों हाथ जल गए। शहर के वार्ड नंबर पांच प्रेम नगर में 32 वर्षीय ऋषिपाल भी पटाखों की आग से झुलस कर घायल हो गया। दीपक(23) पुत्र सुरिंद्र निवासी रामपुर, रविंद्र कुमार निवासी पंजावर तथा 28 वर्षीय अखिलेश का एक-एक हाथ आग की चपेट में आने से झुलस गया है। सीएमओ ऊना पीसी दड़ोच ने कहा कि घायलों का उपचार कर छुट्टी दे दी गई है। आग से कोई जानी नुकसान नही हुआ है। घायलों के उपचार के लिए सभी पुख्ता इंतजाम अस्पताल में उपलब्ध हैं।
Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also, Download our Android App