अवैध खनन पर होगी कार्रवाई

By: Nov 9th, 2017 12:10 am

बंगाणा —  कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी वीरेंद्र कंवर ने डोर-टू-डोर प्रचार किया। इस दौरान उन्होंने आम जनता से नौ नवंबर को भाजपा के पक्ष में मतदान करने की अपील की। साथ ही आम जनता से क्षेत्र की सभी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि भाजपा कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कृतसंकल्प है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता को माफिया राज से छुटकारा दिलाया जाएगा। भाजपा सरकार बनने पर अवैध खनन और स्टोन क्रशर के अवैध आबंटन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। प्रधानमंत्री रोजगार योजना और एस्पायर प्रोग्राम के तहत युवाओं को स्व-सहायता समूहों और लघु एवं मध्यम उद्योगों के माध्यम से बढ़ावा दिया जाएगा। बंगाणा उपमंडल मुख्यालय में मिनी सचिवालय, अग्निशमन केंद्र,  रोजगार उपकार्यालय, लुघ सब्जी मंडी तथा सिविल अस्पताल का निर्माण किया जाएगा। स्वरोजगार के नए अवसर सृजित किए जाएंगे। पर्यटन की दृष्टि को बढ़ावा दिया जाएगा। धार्मिक पर्यटन और साहसिक पर्यटन से युवाओं को रोजगार भी मिलेगा। बिजली, पानी की समस्याओं को खत्म किया जाएगा। समूर बांध के आसपास की पाइपिंग का काम पूरा किया जाएगा। कुटलैहड़ क्षेत्र की सभी खड्डों का तटीकरण किया जाएगा। वीरेंद्र कंवर ने कहा कि क्षेत्र के किसानों को फसल बीमा योजना से जोड़ा जाएगा। प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना केतहत सिंचाई की नई स्कीमें तैयार की जाएंगी। क्षेत्र में कार्यालयों में कर्मचारियों के खाली पदों को भरा जाएगा। ग्रामीण क्षेत्र को सड़क सुविधा मुहैया करवाई जाएगी। बेसहारा पशुओं एवं जंगली जानवरों के आतंक से निपटने के लिए विशेष टास्क फोर्स का गठन किया जाएगा। किसानों को इलेक्ट्रॉनिक सर्वेलंस सिस्टम पर प्रशिक्षित किया जाएगा। पीडि़त युवाओं के पुनर्वास के लिए उन्हें कौशल विकास केंद्रों में प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्होंने आह्वान किया कि भाजपा के पक्ष में मतदान करें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App