आचार संहिता ने रोका 50 करोड़ी प्रोजेक्ट

By: Nov 25th, 2017 12:31 am

कंडाघाट में बन रही प्रदेश की सबसे बड़ी फल-सब्जी मंडी

सोलन— कंडाघाट में बन रही हिमाचल की सबसे बड़ी फल व सब्जी मंडी का कार्य आचार संहिता की वजह से रुक गया है। करीब 50 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली इस मंडी का टेंडर अब 18 दिसंबर के बाद लगेगा। जानकारी के अनुसार कंडाघाट में प्रदेश की पहली पुष्प मंडी स्थापित की जा रही है। इसके आलावा यह फल एवं सब्जियों की भी सबसे बड़ी मंडी होगी। करीब 92 बीघा में स्थापित की जा रही इस मंडी का लाभ प्रदेश के किसानों व बागबानों को सबसे अधिक होगा। विशेष रूप से पुष्प उत्पादकों को अपने उत्पाद लेकर दिल्ली नहीं जाना  पड़ेगा। इसके आलावा सेब मंडी भी इसी जगह पर स्थापित  की जा रही है। सोलन में सेब मंडी की डिमांड गत एक दशक से की जा रही है। यह मंडी फिलहाल सोलन बाइपास पर खुले आसमान तले लगाई जा रही है। इसी प्रकार हिमाचल प्रदेश के सब्जी उत्पादक भी यहां पर अपने उत्पाद लेकर आएंगे। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस मंडी का शिलान्यास करीब एक वर्ष पहले किया था। इसके बाद यहां पर जमीन संबंधी विवाद हो गया तथा कुछ लोगों ने प्रदेश उच्च न्यायालय में याचिका दायर कर दी। बताया जा रहा है कि अब जमीन संबंधी कोई भी विवाद यहां पर नहीं रहा है। मंडी के निर्माण के लिए पहले चरण का टेंडर बीस करोड़ रुपए का जारी किया जा रहा था। इस बजट में नीलामी प्लेटफार्म, शौचालय ब्लॉक, सड़क, बिजली-पानी की सुविधा, दुकानें तथा शेड आदि तैयार किए जाने हैं। टेंडर लगने से पहले हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनावों की घोषणा हो गई। चुनावी घोषणा होने के बाद करोड़ों रुपए का यह प्रोजेक्ट लटक गया है। अब 18 दिसंबर के बाद इस मंडी का टेंडर जारी किया जाएगा। मंडी निर्माण के दूसरे चरण में कई प्रकार की आधुनिक सुविधाएं मुहैया करवाए जाने का दावा किया जा रहा है। करीब 50 करोड़ रुपए इस प्रोजेक्ट पर खर्च होने का अनुमान है। मार्केट कमेटी के अध्यक्ष रमेश ठाकुर का कहना है कि बोर्ड के पास बजट आ चुका है तथा आचार संहिता समाप्त होते ही टेंडर लग जाएगा।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App