ईवीएम में कैद होगा किस्मत का फैसला

By: Nov 9th, 2017 12:10 am

मंडी —  जिला मंडी में गुरुवार को 756046 मतदाता दस विधानसभा क्षेत्रों के प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में कैद करेंगे। सुबह आठ बजे से मतदान केंद्रों में वोटिंग शुरू होगी। जिला भर में सामान्य मतदाता 756046 हैं। इसके अलावा 6955 सर्विस वोटर भी हैं। ऐसे में कुल मतदाताओं की संख्या 763001 है। जिला भर में पुरुष मतदाताओं की संख्या ज्यादा है। इस बार के विधानसभा चुनाव कई मायनों में खास हैं। हिमाचल विधानसभा चुनावों में पहिला बार वीवीपैट का इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके अलावा वेब कास्टिंग, महिलाओं की बूथों में तैनाती सहित कई अन्य नई पहल चुनाव आयोग द्वारा की गई है। सुबह छह बजे से पोलिंग बूथ में सेटअप शुरू कर दिया जाएगा, जबकि ठीक आठ बजे से वोटिंग शुरू होगी। जिला की बात करें तो दस विधानसभा क्षेत्रों में इस बार 58 प्रत्याशी चुनावी दंगल में उतरे हैं। इनमें करसोग-सरकाघाट विधानसभा क्षेत्र में सबसे ज्यादा नौ-नौ प्रत्याशी मैदान में हैं। सुंदरनगर और नाचन हलके में सबसे कम तीन-तीन प्रत्याशी इस बार अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। जिला भर में सात विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस और भाजपा में सीधा मुकाबला है, जबकि तीन विधानसभा क्षेत्रों में बागियों या आजाद प्रत्याशियों ने चुनाव को रोचक कर दिया है।

20 पोलिंग बूथ महिलाओं के हवाले

इस बार पहली बार चुनाव आयोग ने भी महिला सशक्तिकरण पर बल दिया है। जिला भर में 20 मतदान केंद्र ऐसे हैं, जिनमें प्रिजाइडिंग अफसर, असिस्टेंट प्रिजाइडिंग अफसर सहित पोलिंग एजेंट भी महिलाएं ही होंगी। इसके अलावा बूथ में सिक्योरिटी पर्सन भी महिलाएं ही होंगी। हर विधानसभा क्षेत्र में दो ऐसे पोलिंग स्टेशन होंगे, जिनकी कमान महिलाओं के हवाले रहेगी।

चार विस क्षेत्रों में महिला वोटर ज्यादा

जिला के चार विधानसभा क्षेत्र ऐसे हैं, जिनमें पुरुषों के मुकाबले महिला वोटर की तादाद ज्यादा है। ऐसे में महिलाएं इन क्षेत्रों में प्रत्याशियों की जीत-हार में अहम भूमिका निभाएंगी। जोगिंद्रनगर, धर्मपुर, सरकाघाट व बल्ह विधानसभा क्षेत्रों में महिला वोटर की संख्या अधिक है। जोगिंद्रनगर में 44162 पुरुषों के मुकाबले 45344, सरकाघाट में 40298 पुरुषों के मुकाबले 41510, बल्ह में 34989 पुरुषों के मुकाबले 35515 और धर्मपुर में 35824 पुरुषों के मुकाबले 37287 महिला वोटर हैं।

रूलंग पोलिंग बूथ सबसे ज्यादा ऊंचाई पर

जिला मंडी के दस विधानसभा क्षेत्रों में से द्रंग विस क्षेत्र में स्थित रूलंग पोलिंग स्टेशन सबसे ऊंचाई पर स्थित है। जिला भर में छह पोलिंग स्टेशन ऐसे हैं, जो छह हजार फुट से ज्यादा की ऊंचाई पर स्थित हैं। इसके उलट डैहर पोलिंग स्टेशन जिला में सबसे कम ऊंचाई 1600 फुट पर स्थित है। रूलंग पोलिंग स्टेशन 9000 फुट की ऊंचाई पर स्थित है।

भंगरोटू में सहायक पोलिंग बूथ

जिला में वृद्ध आश्रम भंगरोटू के बुजुर्गों के लिए सहायक पोलिंग बूथ बनाया गया है। बल्ह विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले इस पोलिंग बूथ को खास तौर पर बनाया गया है। बल्ह में 98 पोलिंग बूथ हैं, लेकिन भंगरोटू में अतिरिक्त सहायक पोलिंग बूथ है।

चुनाव में रोचक तथ्य पंजोलथ पोलिंग स्टेशन सबसे दूर

जिला भर के 1091 पोलिंग स्टेशन में से सुंदरनगर विधानसभा क्षेत्र का पंजोलथ पोलिंग स्टेशन सबसे दूर है। पंजोलथ के लिए पोलिंग पार्टी को बूथ के लिए सड़क से नौ किलोमीटर तक का पैदल सफर करना पड़ा है। इसके अलावा 809 पोलिंग स्टेशन ऐसे हैं, जो रोड हैड पर ही स्थापित हैं।

जारथू में सबसे कम वोटर

जिला में सुंदरनगर हलके के जारथू पोलिंग स्टेशन में सबसे कम वोटर दर्ज हैं, जबकि नाचन के भरजवाणू पोलिंग स्टेशन में सबसे ज्यादा वोटर हैं। जारथू में सबसे कम 82 वोटर, जबकि भरजवाणू में सबसे अधिक 1261 वोटर हैं। इसके अलावा जिला में मात्र दो ही पोलिंग स्टेशन ऐसे हैं, जहां वोटर की संख्या 100 से कम हैं। इनमें जारथू के अलावा करसोग का मागन शामिल है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App