ओरल प्रेजेंटेशन में डा. भारती ने कमाया नाम

By: Nov 25th, 2017 12:05 am

नौणी — डा यशवंत सिंह परमार औद्यानिकी और वानिकी विश्वविद्यालय नौणी के छात्रों और वैज्ञानिकों ने अपनी प्रतिभा से देश के विभिन्न शहरों में आयोजित राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय आयोजन में कई पुरस्कार अपने नाम किए हैं। हाल ही में शिमला में हिमाचल प्रदेश काउंसिल फॉर साइंस टेक्नोलॉजी एंड एन्वायरनमेंट विभाग द्वारा आयोजित हिमाचल प्रदेश साइंस कांग्रेस में नौणी विवि के पुष्प एवं स्थल वास्तुकला विभाग की संकाय डा. भारती कश्यप ने ओरल प्रेजेंटेशन में इनोवेशन थीम में प्रथम स्थान हासिल किया। उन्होंने हिमाचल के जंगली फूलों को सूखाकर उनका मूल्यवर्द्धन के लिए उपयोग विषय पर अपने शोध कार्य ,जिसमें उनके विभाग के डा. वाईसी गुप्ता और मीनाक्षी शर्मा भी शामिल हैं को प्रस्तुत किया। जैव प्रौद्योगिकी विभाग की डा. निवेदिता शर्मा और विजय कुमार को भी इसी कान्फं्रेस में मध्य पहाड़ी क्षेत्र में बीज अकुंरण और गेहूं पर उनके द्वारा किए शोध कार्य के लिए सर्वश्रेष्ठ पोस्टर पुरस्कार मिला। पर्यावरण विज्ञान विभाग के दो पूर्व छात्रों को भी विश्वविद्यालय में किए गए अनुसंधान कार्य के लिए साइंस कांग्रेस में पुरस्कार मिला। विश्वविद्यालय से पीएचडी कर चुके डा. हुकम चंद ने हिमाचल प्रदेश में सेब की फसल पर जलवायु परिवर्तन, शमन और प्रभाव पर किए गए काम के लिए सर्वश्रेष्ठ पोस्टर पुरस्कार जीता। वहीं, प्रियंका शर्मा ने सोलन जिला में फूलगोभी की खेती में कीट पर मौसम संबंधी मापदंडों का प्रभाव पर ओरल प्रस्तुति दी और पहला पुरस्कार हासिल किया। इसके अलावा पादप रोग विज्ञान विभाग के पीएचडी छात्र गुरविंद्र सिंह ने जम्मू में आयोजित राष्ट्रीय संगोष्ठी और भारतीय फाइटटैथोलॉजिकल सोसायटी, नॉर्थ जोन मीट, 2017 में नरसिम्हान पुरस्कार जीता। वहीं जयपुर में जैव संसाधन और तनाव प्रबंधन पर आयोजित तीसरे अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में फूड साइंस और टेक्नोलॉजी विभाग की वैज्ञानिक डा. मनीषा कौशल को सर्वश्रेष्ठ ओरल प्रेजेंटेशन पुरस्कार से सम्मानित किया गया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App