कद्दावर-बुजुर्ग नेताओं को हाशिए पर धकेल रही भाजपा

By: Nov 1st, 2017 12:10 am

बल्ह से कांग्रेस प्रत्याशी प्रकाश चौधरी ने किया प्रहार

नेरचौक — भाजपा धर्म पर राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस राजधर्म निभाने में विश्वास रखती है। राजधर्म का मतलब होता है कि जियो और जीने दो, खुश रहो और रहने दो, परंतु भाजपा नेता देश व प्रदेश को बांटने व लड़ाने में विश्वास करते हैं। भाजपाई अपने बुजुर्ग व कद्दावर नेताओं को दुखी व हाशिए पर धकेल कर सत्ता सुख का आनंद भोगने में लगे हुए हैं। यह बात चुनावी प्रचार अभियान के तहत मंगलवार को बल्ह कांग्रेस प्रत्याशी एवं आबकारी कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी ने लोहरा, नलसर, राजगढ़, खांदला, कुम्मी पंचायत में चुनाव प्रचार अभियान के उपरांत नुक्कड़ सभाओं को संबोधित करते हुए कही। प्रकाश चौधरी ने कहा कि प्रदेश सरकार का साढ़े चार वर्ष का कार्यकाल ऐतिहासिक एवं स्वर्णिम रहा है। वीरभद्र सरकार ने प्रदेश भर में सर्वांगीण विकास करवाया है। वहीं सरकार ने जन समस्याओं का समाधान भी प्राथमिकता के आधार पर किया है। उन्होंने कहा कि इन साढ़े चार वर्षों में बल्ह में हुआ अथाह विकास तो इतिहास के स्वर्ण अक्षरों में अंकित हो गया है, परंतु अफसोस है कि भाजपा नेताओं को बल्ह में हुए अथाह विकास देखकर खुश होने के बजाय दुख हो रहा है, जो कि शर्म की बात है। उन्होंने कहा कि अब बल्ह विधानसभा में कन्या महाविद्यालय, डीएसपी कार्यालय, सब-कोर्ट का निर्माण, विद्युत विभाग का डिवीजन स्थापित करवाना लक्ष्य है। प्रकाश चौधरी ने केंद्र में मोदी सरकार पर प्रहार करते हुए कहा कि साढ़े तीन साल से खोखले वादे करके और जुमलों के सहारे लोगों को ठगने का प्रयास कर रहे हैं। बेरोजगारों को रोजगार उपलब्ध नहीं करवाया जा रहा है। वहीं जीएसटी के लागू होने से छोटे व्यापारी वर्ग का धंधा चौपट हो गया है। वहीं मंगलवार को भी कई लोगों ने भाजपा को छोड़ कर कांग्रेस हाथ थाम लिया, जिसमें पंचायत गोड़ा गागल के दर्जनों परिवार सदस्य भाजपा छोड़ आबकारी एवं कराधान मंत्री प्रकाश चौधरी द्वारा करवाए गए विकास कार्यों को देखते हुए कांग्रेस पार्टी में शामिल हुए हैं। इनमें परिवार के मुखिया नर्वदा देवी, विद्या देवी, सुमन देवी, राजा, बहादुर सिंह, हीरा लाल, सुख राम व उनके परिजनों को प्रकाश चौधरी ने कांग्रेस में स्वागत किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App