कर्मचारियों को हक दिलाएगी भाजपा सरकार

By: Nov 1st, 2017 12:10 am

जनसंपर्क अभियान के दौरान बोले; भाजपा प्रत्याशी राजीव बिंदल, मोदी की रैली का दिया निमंत्रण

नाहन  —  भाजपा नेता राजीव बिंदल ने प्रदेश के कर्मचारियों को आश्वासन दिया है कि प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर कर्मचारियों को 4-9-14 का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि सिरमौर के पिछड़ेपन के लिए पूर्ण रूप से कांग्रेस की सरकार जिम्मेदार है। मंगलवार को जनसंपर्क अभियान के अंतर्गत नाहन शहर में दो नवंबर को धौलाकुआं में आयोजित होने वाली देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली को लेकर शहर में दुकान-दुकान, डोर-टू-डोर संपर्क करते हुए बिंदल ने शहर के लोगों को रैली में पहुंचने का निमंत्रण देते हुए कहा कि यह रैली सिरमौर जिला से हिमाचल में कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के लिए अंतिम कील साबित होगी। इस दौरान राजीव बिंदल के साथ नाहन शहर में चेतन परमार, नितिन चौहान के अलावा व्यापार मंडल व महिला मोर्चा के सदस्य भी शामिल थे। इससे पूर्व डा. राजीव बिंदल ने पार्टी कार्यालय में आयोजित बैठक में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि हिमाचल में पिछले छह दशकों से शासन करने वाली कांगे्रस सरकार ने हमेशा सिरमौर की उपेक्षा की। उन्होंने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र में पिछड़ेपन का कारण कांग्रेस सरकार है। मंगलवार को डा. बिंदल के जनसंपर्क अभियान के दौरान उनकी पत्नी मधु बिंदल भी कंधे से कंधा मिलाकर शहर में डोर टू डोर प्रचार को निकली। इस दौरान मधु बिंदल ने सहयोगी महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं के साथ अपने पति के लिए वोट मांगे। कहते हैं कि सफल पुरुष के पीछे एक स्त्री का हाथ होता है। इसी कहावत को मधु बिंदल ने भी चरितार्थ किया है। घर संभालने के साथ-साथ मधु बिंदल अपने पति डा. बिंदल के लिए लगातार लोगों से समर्थन का आह्वान कर रही है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App