केवल पठानिया का काम देखे शाहपुर

By: Nov 3rd, 2017 12:10 am

कांग्रेस प्रत्याशी के लिए वोट मांगने पहुंचे मुख्यमंत्री ने विपक्ष को बताया नाकाम

शाहपुर —  मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी केवल सिंह पठानिया द्वारा उठाए जा रहे विकास के मसलों पर जनता जरूर मुहर लगाएगी। शाहपुर में केवल पठानिया ने वन निगम उपाध्यक्ष रहते जितने काम करवाए हैं, उतने किसी ने नहीं करवाए। शाहपुर की जनता जरूर केवल पठानिया के 5 बनाम 25 के मुद्दे पर कांग्रेस का समर्थन करेगी। यह मसला विधानसभा क्षेत्र में चर्चा का विषय बन गया है। सिहुंता में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए वीरभद्र सिंह ने आगे कहा कि भाजपा विकास करवाने नहीं, विकास को रोकने के लिए सदैव प्रयासरत रहती है। उनकी कथनी और करनी में जमीन आसमान का अंतर है।  उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्तासीन होने से पहले महंगाई दूर करने का नारा दिया था और अब हिमाचल के दौरे से पूर्व ही उन्होंने गैस का दाम 100 रुपए के करीब बढ़ाकर हिमाचल की जनता को तोहफा दिया है। शाहपुर से कांग्रेस प्रत्याशी केवल सिंह पठानिया, युवा, कर्मठ, मेहनती, ईमानदार व जनता के सच्चे सेवादार हैं, जिनके प्रयास से शाहपुर हलके में विकास के साथ-साथ असहाय, बीमार तथा लड़कियों की शादियों के लिए भी समय-समय पर सहायता प्रदान की गई है। कांग्रेस नेता वीरभद्र सिंह ने कहा कि ऐसे ऊर्जावान व्यक्ति को जो कि एक वार्ड मेंबर तक नहीं था, के बावजूद यहां की जनता के हर सुख-दुख में साथ देकर शाहपुर में सैकड़ों योजनाओं के द्वारा विकास की बयार बहाई है। मुख्यमंत्री की मौजूदगी में पूर्व जिला परिषद सदस्य कामना चौधरी घरोह गांव के सलीम खान सहित अन्य 11 सदस्यों ने भाजपा का साथ छोड़ कांग्रेस का दामन थामा।

 विकास ऐसी प्रक्रिया है जो कभी रुकती नहीं

विकास ऐसी प्रक्रिया है जो कभी रुकती नहीं है, बल्कि बढ़ती रहती है, जो कि जनहित में जरूरी है। ये शब्द कांग्रेस प्रत्याशी केवल सिंह पठानिया, हर्बल फैक्टरी, मनयाना, भितलू, ग्राम पंचायत चड़ी के संजय मोहल्ला, राणा बस्ती, लोअर चड़ी, एससी बस्ती, शर्मा मोहल्ला, राख, भटेच्छ, टुंडु आदि गांवों में उमड़े अपार जनसमूह  के समक्ष कहे। केवल पठानिया ने  भितलू में फोरेस्ट रेस्ट हाउस, कुट में प्राथमिक पाठशाला, चड़ी में सामुदायिक भवन, हैंडपंप, गार्ड हट, स्वास्थ्य सुविधाओं सहित पेयजल आदि के क्षेत्र में करोड़ों खर्च कर लोगों को सुविधा प्रदान करने का प्रयास किया है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App