चीन के खिलाफ मजबूत मोर्चाबंदी

By: Nov 16th, 2017 12:02 am

अमरीका-जापान और आस्ट्रेलिया के बाद फ्रांस भी भारत संग आने को राजी

 नई दिल्ली— भारत, अमरीका, जापान और आस्ट्रेलिया के हाल में एकसाथ आने के बाद फ्रांस ने भी भारत के साथ बहुपक्षीय मंच से जुड़ने का उत्साह दिखाया है। भारत के सबसे पुराने रणनीतिक भागीदारों में एक फ्रांस ने कहा है कि हम भी भारत के साथ बहुपक्षीय गठबंधन से जुड़ने के लिए तैयार हैं। हाल में फिलीपींस की राजधानी मनीला में भारत, अमरीका, आस्ट्रेलिया और जापान के विदेश मंत्रालय के अधिकारियों की मीटिंग हुई। चारों देशों ने हिंद-प्रशांत महासागर क्षेत्र में अपना साझा हित माना है। माना जा रहा है कि चारों देश नौसैनिक गठबंधन के जरिए हिंद महासागर क्षेत्र में चीन की बढ़ते दखल को चुनौती देंगे। चीन के महत्त्वाकांक्षी वन बेल्ट वन रोड प्रोजेक्ट पर राय बनी है कि यह दुनिया के कई देशों को कर्ज के जाल में फंसाने की कोशिश है। उसका भी ये चारों देश मिलकर मुकाबला करेंगे। फ्रांस के राजनयिक सूत्रों ने बुधवार को कहा कि हम मनीला में हुई बैठक को काफी सकारात्मक तरीके से देखते हैं। हिंद महासागर क्षेत्र में हमारे भी हित जुड़े हैं। हम भारत के साथ कई मुद्दों पर द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाना चाहेंगे। इसके अलावा बहुपक्षीय सहयोग के लिए भी हम तैयार हैं। फ्रांस के विदेश मंत्री ज्यां यीव ले द्रयां भारत की यात्रा पर आने वाले हैं और वह शुक्रवार को यहां विदेश मंत्री सुषमा स्वराज से मुलाकात करेंगे। वह फ्रांस के रक्षा मंत्री के रूप में पहले कई बार भारत आ चुके हैं। फ्रांस के राष्ट्रपति इमैन्युअल मैक्रों की भी यात्रा अगले साल की शुरुआत में होने की उम्मीद है। सूत्रों के मुताबिक इन यात्राओं के दौरान आगे की ठोस रूपरेखा तय होगी। बताया गया कि फ्रांस के विदेश मंत्री की यात्रा में वन बेल्ट वन रोड समेत कनेक्टिविटी के सभी मुद्दों पर चर्चा होगी।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App