चोटियों पर हिमपात

By: Nov 17th, 2017 12:10 am

भरमौर —  जनजातीय क्षेत्र भरमौर की पहाडों की चोटियों पर गुरूवार दोपहर बाद ताजा हल्का हिमपात हुआ है। जिसके चलते समूचा जनजातीय क्षेत्र प्रचंड ठंड की चपेट में आ गया है। हालात यह रहे है कि दिन के समय भी यहां पर ठंडी हवाओं के बीच लोग ठिठुरने को मजबूर हो गए और हीटरों व अलाव जलाकर ठंड से बचने की जुगत भिड़ाते नजर आए। बहरहाल पिछले चार दिनों से यहां पर मौसम कड़ा रुख अपनाए हुए है और लोगों को सुबह-शाम घरों से निकलना भी मुशिकल हो रहा है। जानकारी के अनुसार गुरूवार को मणिमहेश पर्वत समेत उंचाई वाली चोटियों पर दोपहर बाद हल्की बर्फबारी शुरू हो गई। वहीं निचले इलाकों में सुबह से ठंड पूरी तरह से प्रचंड रही। सुबह के समय कुछ वक्त के लिए यहां पर सूर्यदेव के दर्शन हो पाए। जिसके बाद सूरज दिन भर बादलों के आगोश में समाया रहा। अलबता शीत हवाओं के बीच दिन के समय भी लोग यहां पर ठिठुरने को मजबूर हो गए। पिछले चार दिनों से जनजातीय क्षेत्र भरमौर में मौसम यहीं रूख अपनाए हुए है। नतीजतन यहां के बाजारों में भी पूरी तरह से सन्नाटा पसरा हुआ है। वहीं दिन के समय भी लोग गुरूवार को घरों के भीतर दुबकने के लिए मजबूर हो गए। पता चला है कि बुधवार रात को भरमौर क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों में कुछ वक्त के लिए हल्की बारिश की बूंदे भी गिरी है। वहीं गुरूवार को समूचा उपमंडल पूरी तरह से ठंड के आगोश में रहा। अहम है कि मौसम विभाग की ओर से भी उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी होने की भविष्य बाणी की है। जिसके बाद यहां पर मौसम ने करवट जरूर बदली है, लेकिन किसान-बागबान अभी भी बारिश के लिए आसमान की ओर टकटकी लगाए हुए है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App