जयराम बड़े नेता…मिलेगा बड़ा ओहदा

By: Nov 2nd, 2017 12:10 am

सराज में चुनावी जनसभा के दौरान भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का ऐलान

थुनाग —  मोदी और धूमल की जोड़ी हिमाचल को विकास के मामले में नंबर वन बनाएगी। जय राम हिमाचल के बड़े नेता हैं और सरकार बनने पर इन्हें बड़ी जिम्मेदारी दी जाएगी। हिमाचल में मोदी की लहर नहीं बल्कि सुनामी है, जो कांग्रेस को तहस-नहस करके रख देगी। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने सराज विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी जयराम ठाकुर के प्रचार के दौरान जनसभा को संबोधित करते हुई कही। अमित शाह का यह बयान धूमल को भाजपा का सीएम पद का उम्मीदवार घोषित करने के बाद आया है। इसे लेकर अब सराज विधानसभा क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ताओं के बीच जोश का संचार हुआ है, वहीं जनसभा में उमड़ी भीड़ से खुश हुए अमित शाहर ने जयराम ठाकुर की अपने भाषण में खूब तारीफ की और उनके द्वारा करवाए गए कार्यों के लिए पीठ भी थपथपाई। अमित शाह ने कहा कि जयराम ठाकुर इस प्रदेश का भविष्य हैं और उन्हें पार्टी और प्रदेश की सेवा करनी है। उन्होंने कहा कि हिमाचल में जनता पिछले 25 सालों से कांग्रेस और भाजपा को बारी-बारी सत्ता में ला रहे हैं। अबकी बार कांगेस-भाजपा और भाजपा-कांग्रेस के खेल को छोड़ कर जनता भाजपा की ऐसी मजबूत सरकार बनाए, जो आने वाले बीस सालों तक कायम रहे। इससे हिमाचल का विकास प्रभावित नहीं होगा। अमित शाह ने कहा कि हिमाचल में जब भाजपा के विकास गुब्बारा हवा में तैरता है,  तो कांग्रेस का भ्रष्टाचार उसकी हवा निकाल देता है। अमित शाह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश की जनता वीरभद्र सिंह के भ्रष्टाचार, गुडि़या कांड और होशियार हत्याकांड का हिसाब मांग रही है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश को कांग्रेस ने माफियाओं के हवाले कर दिया है। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने यूपीए सरकार से करीब 71 हजार करोड़ अधिक बजट हिमाचल को दिया है।

मतदान जागरूकता को दीवारों पर उकेरे चित्र

सुंदरनगर— महावीर पब्लिक स्कूल सुंदरनगर के बच्चों ने ग्रेफिटी शो के माध्यम से लोगों को मतदान करने के लिए जागरूकता का संदेश दिया। इस कार्यक्रम का आयोजन एसडीएम सुंदरनगर के सौजन्य से किया गया, जिसमें बच्चों ने विभिन्न चित्रों को दीवारों पर उकेर कर जागरूकता का संदेश दिया और लोगों को अमूल्य मतदान का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। बच्चों ने चित्रों के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा भरने का कार्य किया है। बच्चों ने इस कार्यक्रम में भाग लेकर इस जागरूकता अभियान में भागीदारी निभाई और सुंदर एवं प्रेरणाप्रद चित्र बनाए। वहां पर मौजूदा जनसमूह ने बच्चों के प्रयासों को जमकर सराहा और द्यप्रत्येक व्यक्ति को मत का प्रयोग करने का आह्वान किया। इस दौरान बीएड कालेजों के प्रशिक्षुओं के अलावा ब्वायज स्कूल, गर्ल्ज स्कूल के अलावा डीएवी स्कूल, सेंट मैरी स्कूल और निजी कम्प्यूटर शिक्षण संस्थानों के बच्चों ने भी भाग लिया। इस गतिविधि का उपायुक्त मंडी ने भी निरीक्षण किया और बच्चों के प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर महावीर स्कूल की संचालक अनुराधा जैन, ब्वायज स्कूल प्रिंसीपल हेमंत शर्मा, गर्ल्ज स्कूल प्रिंसीपल मनोज वालिया समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App