दस दिन में प्याज के रेट डबल

By: Nov 2nd, 2017 12:15 am

नासिक से आने वाली सप्लाई में गिरावट के कारण 40 रुपए तक दाम

 सोलन  — मात्र दस दिनों में प्याज का रेट दो गुना हो गया है। बीस रुपए प्रतिकिलो के हिसाब से बिकने वाला प्याज इन दिनों बाजार में 40 रुपए प्रतिकिलो तक बिक रहा है। दक्षिण भारत से  प्याज की सप्लाई में करीब 40 प्रतिशत की गिरावट आई है। यही वजह है कि प्रदेश में प्याज का रेट लगातार बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में लोगों को प्याज और अधिक महंगे रेट पर खरीदना पड़ सकता है। चुनावी दौर में प्याज का बढ़ता रेट राजनीतिक दलों के समीकरण बिगाड़ सकता है। जानकारी के अनुसार हिमाचल प्रदेश में प्रतिदिन करीब 200 टन से अधिक प्याज की खपत होती है। शायदही कोई ऐसी रसोई होगी जहां पर प्याज का इस्तेमाल नहीं होता है। प्याज के बढ़ते रेट ने आम आदमी की सब्जी का स्वाद बिगाड़ दिया है। दिवाली तक प्याज बाजार में 20 से 25 रुपए प्रतिकिलो तक बिक रहा था। इसके बाद अचानक से रेट बढ़ना शुरू हो गया।   बताया जा रहा है कि हिमाचल प्रदेश में प्याज की 90 प्रतिशत सप्लाई नासिक से की जाती है। दिल्ली मंडी के माध्यम से प्याज हिमाचल प्रदेश की विभिन्न मंडियों तक पहुंचता है। नासिक से आने वाली प्याज की सप्लाई में 40 प्रतिशत की गिरावट आई है।  फसल कम होने की वजह से प्याज का रेट लगातार बढ़ रहा है।  इस बात की कोई भी गारंटी नहीं है कि आने वाले दिनों में प्याज का रेट कम होगा। हालांकि बताया यह भी जा रहा है कि दिसंबर माह के पहले सप्ताह में दक्षिण भारत का प्याज पर्याप्त मात्रा में मंडियों में पहुंचना शुरू हो जाएगा, जिसकी वजह से रेट सामान्य होने के आसार हैं। फिलहाल लोगों को महंगे रेट पर ही प्याज खरीदना होगा। प्रदेश में इन दिनों  विधानसभा चुनाव का प्रचार चरम सीमा पर है। ऐसे में प्याज का बढ़ता रेट भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों के उम्मीदवारों को भी रूला सकता है।  मार्केट कमेटी सोलन के सचिव प्रकाश कश्यप का कहना है कि इन दिनों प्याज की सप्लाई काफी कम आ रही है जिसकी वजह से रेट में ईजाफा हो रहा है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App