दिल्ली में आज उठेगी पुरानी पेंशन की मांग

By: Nov 17th, 2017 12:01 am

शिमला — दिल्ली में 17 नवंबर को भामस के बैनर तले हो रही रैली में राष्ट्रीय राज्य कर्मचारी महासंघ से जुड़े सभी राज्यों के कर्मचारी भाग लेंगे। यह रैली रामलीला मैदान दिल्ली में आयोजित होगी तथा संसद भवन तक प्रदर्शन किया जाएगा। राष्ट्रीय कर्मचारी महासंघ के राष्ट्रीय महामंत्री विपिन कुमार डोगरा ने बताया कि इस रैली में पूरे देश से सरकारी क्षेत्र, संगठित, असंगठित व निजी क्षेत्र के लाखों श्रमिक भाग लेंगे तथा सरकार से मजदूर विरोधी आर्थिक नीतियों में बदलाव कर कर्मचारी हितों की रक्षा की मांग की जाएगी। डोगरा ने बताया कि उनकी मुख्य मांगों में अंशदायी पेंशन योजना को रद्द कर सभी राज्यों के कर्मचारियों को पुरानी पेंशन व जीपीएफ सुविधा देने की पुरजोर मांग की जाएगी। इसके अतिरिक्त सभी राज्यों के कर्मचारियों को एक समान वेतनमान, सेवानिवृत्ति आयु व अन्य लाभ देना, कर्मियों के सेवाकाल में कम से कम पांच पदोन्नतियां सुनिश्चित करना आदि मांगें शामिल हैं। वहीं प्रदेश राज्य विद्युत परिषद तकनीकी कर्मचारी संघ के कर्मचारी दिल्ली में होने वाली राष्ट्रीय स्तर की रैली में भाग लेने के लिए रवाना हो गए हैं। इसकी अगवाई राज्य विद्युत परिषद तकनीकी कर्मचारी संघ के प्रदेश महामंत्री सुनील शर्मा ने की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App