धूमल ने कही मन की बात

By: Nov 3rd, 2017 12:10 am

कहा, बमसन हलका टूटने के बाद सुजानपुर से चुनाव लड़ना चाहता था, अब पूरी हुई मुराद

हमीरपुर —  विधानसभा क्षेत्र सुजानपुर से भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल ने कहा कि जब बमसन विस क्षेत्र टूटा तब उनका मन था कि सुजानपुर से चुनाव लडूंव उस समय सुजानपुर की जनता भी यही चाहती थी। हाइकमान ने हमीरपुर से ही चुनाव लड़ने को कहा। अब हाइकमान ने ही सुजानपुर भेजा है। इस तरह सुजानपुरवासियों और मेरी  मनोकामना पूरी हो गई। उन्होंने कहा कि जब दो बार उनके नेतृत्व में सरकार बनी, तो लोग कहते थे कि बमसन की सरकार है। अब सुजानपुर की जनता उन्हें चुनाव जिताएगी। अब लोग कहेंगे कि सुजापुर की सरकार है। यह बात उन्होंने सुजानपुर के चमियाना, बनाल और वार्ड नंबर तीन में चुनावी सभाओं को संबोधित करते हुए कही। प्रो. धूमल ने कहा कि पहली बार भाजपा की सरकार ने महिलाओं को पंचायती राज संस्थाओं में पचास प्रतिशत आरक्षण दिया था। महिलाओं ने भी खूब हिम्मत दिखाई और भाजपा ने 58 सीटें जीतकर सरकार बनाई। भाजपा की सरकार आई थी, तो हमने बेटी है अनमोल योजना चलाई थी। उन्होंने कहा कि केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सरकार आई तो बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ योजना शुरू की गई। प्रदेश कांग्रेस सरकार के समय बिटिया प्रकरण हुआ है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थी, छात्र, बेरोजगार, कर्मचारी, पेंशनर, किसान, बागवान सभी कांग्रेस के पांच वर्षों के शासन से दुखी हैं। समाज का सभी वार्ग आज विकास चाहता है। प्रदेश में सड़कों की हालत खस्ता है। मोदी सरकार ने प्रदेश को चौंसठ हाई-वे दिए। इन पर सत्तर हजार करोड़ रुपए खर्च होंगे। इन योजनाओं के कार्यान्वन पर लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता हिमाचल में भाजपा की सरकार लाएगी। इसके बाद केंद्र व प्रदेश में भाजपा की सरकार होगी तथा हिमाचल का चहुंमुखी विकास होगा। इस अवसर पर मंडल अध्यक्ष कैप्टन रणजीत सिंह, रिटायर्ड डीजीपी सड्याल, रमेश ठाकुर सहित पंचायत प्रधान, एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App