पंचरुखी में घोड़ी चढ़ने से पहले दूल्हा गायब

By: Nov 12th, 2017 12:01 am

पंचरुखी — दुल्हन करती रही इंतजार…और दूल्हा घोड़ी चढ़ने से पहले ही फरार और अब दूल्हे का कोई पता नहीं। गांव पढियारखर के घर में जहां शादी समारोह की तैयारियां जोरों पर थी, वहीं सारे सगे संबंधी खुशी से झूम रहे थे। एक दिन पहले ही दूल्हे ने शादी की सारी रस्में अदा की व हाथों पैरों में मेहंदी लगाई। देर रात तक घर मे गीत-संगीत गूंजता रहा व इसी बीच लगभग आधी रात को दूल्हा घर से गायब हो गया और किसी को कानोंकान खबर नहीं हुई। शनिवार बारात निकलनी थी, पर दूल्हा कहीं नहीं मिला। बाराती दिन भर दूल्हे की तलाश में भटकते रहे, पर दूल्हा नहीं मिला। लड़की वाले भी जमाई राजा के लापता होने से परेशान हैं और अब उन्हें बेटी की चिंता सताने लगी है। शादी का खर्चा व सारी तैयारियां वैसे ही रह गईं। लड़के के परिवार का कहना है कि कोई समस्या या लड़ाई झगड़ा नहीं था और न ही लड़के ने कोई बात कही। कारण क्या था, उनको जानकारी नहीं। यह भी शंका जताई जा रही है कि लड़के से कोई अप्रिय घटना न हुई हो। पंचायत प्रधान शिव कुमार व उप प्रधान मनवीर ने कहा कि इस बाबत पंचरुखी थाना में भी शिकायत की गई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App