पद्मावती विरोधी भाजपा नेता का इस्तीफा

By: Nov 30th, 2017 12:03 am

कारण बताओ नोटिस पर सूरजपाल ने सीएम को कोसा

चंडीगढ़ – फिल्म पद्मावती को लेकर विवादित बयान देने वाले हरियाणा भाजपा नेता सूरजपाल अम्मू ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। ज्ञातव्य है कि सूरजपाल अम्मू हरियाणा भाजपा के चीफ मीडिया कोऑर्डिनेटर हैं। अम्मू ने अपने इस्तीफे के लिए सीएम मनोहर लाल खट्टर को जिम्मेदार ठहराया है। साथ ही अम्मू ने खट्टर पर जमकर भड़ास निकाली। अम्मू ने इस्तीफा देते हुए कहा कि मैं हरियाणा के सीएम के व्यवहार से दुखी हूं। मैंने इतना घमंडी भाजपा सीएम कभी नहीं देखा है, जिसे अपने पार्टी के कार्यकर्ताओं और समुदाय के प्रतिनिधियों की परवाह भी नहीं है। आगे की रणनीति बताते हुए अम्मू ने कहा कि वह नौ तारीख को पंचकूला में रैली करेंगे। यह रैली फिल्म पर प्रतिबंध की मांग पर दबाव बनाने के लिए रखी गई है। ज्ञातव्य है कि सूरजपाल अम्मू फिल्म पद्मावती का विरोध कर रहे हैं। सूरजपाल ने तो दीपिका और भंसाली का सिर काटने वाले को 10 करोड रुपए का इनाम देने की घोषणा तक कर दी थी। अम्मू के विवादित बयान के बाद पार्टी ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया था। इस्तीफा देने के बाद अम्मू ने कहा कि वह भाजपा के साधारण कार्यकर्ता के रूप में काम करते रहेंगे। ज्ञातव्य है कि अम्मू ने फिल्म के अभिनेता रणवीर सिंह पर भी निशाना साधा था। अम्मू ने रणवीर को चेतावनी दी थी कि वह फिल्म और भंसाली के पक्ष में दिया अपना बयान वापस लें नहीं तो टांग तोड़ देंगे। अम्मू ने कहा था कि वह फिल्म पद्मावती को कभी भी प्रदर्शित नहीं होने देंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App