पांच लाख से सुधरेगा हाकी मैदान

By: Nov 22nd, 2017 12:02 am

अंबाला — अंबाला छावनी के हाकी खेल से जुड़े खिलाडि़यों को अब खेलने के लिए बेहतर मैदान उपलब्ध करवाया जाएगा। खेल मंत्री अनिल विज ने यह मैदान तैयार करने के लिए नगर निगम अंबाला को पांच लाख रुपए का अनुदान दिया जा रहा है। निगम द्वारा गांधी मैदान में डंपिंग ग्राउंड के साथ हाकी मैदान विकसित करने का कार्य युद्ध स्तर पर आरंभ कर दिया है। खेल मंत्री के मीडिया सलाहकार डा. अनिल दत्ता ने बताया कि अंबाला छावनी के हाकी खिलाडि़यों द्वारा लंबे समय से इस खेल के लिए मैदान उपलब्ध करवाने की मांग की जा रही थी। खेल मंत्री ने अधिकारियों से विचार-विमर्श के उपरांत गांधी मैदान के एक कोने में यह मैदान विकसित करने का निर्णय लिया था और इस निर्णय को कार्य रूप देने के लिए उन्होंने खेल विभाग की ओर से पांच लाख रुपए का अनुदान भी उपलब्ध करवाया है। निगम द्वारा इस स्थान पर मिट्टी डालने का कार्य आरंभ कर दिया है और इसके बाद इसे समतल करके हाकी नेट व अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी। हाकी खिलाडि़यों के लिए मैदान की सुविधा उपलब्ध करवाने से इस खेल से जुड़े खिलाडि़यों और हाकी एसोसिएशन के पदाधिकारियों में खुशी की लहर है और उन्होंने यह मांग पूरी करने के लिए खेल मंत्री अनिल विज का आभार व्यक्त किया है। हाकी एसोसिएशन के मुख्य संरक्षक राजिंद्र विज, हाकी एसोसिएशन के अध्यक्ष सुरजीत सिंह शाहपुरिया, एमएस मान सहित अन्य पदाधिकारियों और खिलाडि़यों ने भी खेल मंत्री का आभार जताया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App