पोलिंग पार्टियों संग जाएंगे सुरक्षा कर्मी

By: Nov 7th, 2017 12:05 am

मंडी —  विधानसभा चुनाव को सफल बनाने के लिए मंडी जिला के 1091 पोलिंग स्टेशन पर पोलिंग पार्टियों के साथ ही सुरक्षा बल भी रवाना होंगे। 10 विधानसभा क्षेत्रों के सभी मतदान केंद्रों के लिए मंगलवार को प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों की निगरानी में 1091 पोलिंग पार्टियां सुरक्षा बलों के साथ बूथों पर रवाना की जाएंगी। इसके साथ ही संवेदनशील केंद्रों में तैनात माइक्रो आब्जर्वर भी पोलिंग पार्टियों के साथ पोलिंग स्टेशनों के लिए रवाना होंगे। मंगलवार को पोलिंग पार्टियों के समस्त कर्मी व माइक्रो ऑब्जर्वर अपनी उपस्थिति दर्ज करवाएंगे। चुनाव आयोग द्वारा निर्धारित स्टाल से ईवीएम, वीवीपैट व मतदान के लिए जरूरी अभिलेख प्राप्त कर पार्टियां रवाना की जाएंगी। पोलिंग पार्टी सहित समस्त सेक्टर अधिकारियों को जरूरी दवाइयों की मेडिकल किट भी मुहैया करवाई जाएगी। इसके साथ ही सभी पोलिंग पार्टियों के स्वास्थ्य की जांच की जाएगी। सेक्टर अधिकारी अपने अधीन पोलिंग पार्टी के समस्त मतदान कर्मियों और माइक्रो ऑब्जर्वर को सुरक्षा बलों के साथ निर्धारित वाहनों में बैठाकर रवाना करेंगे। निर्धारित स्थल पर पहुंचने और उनकी उपस्थिति चैक करने के बाद कंट्रोल रूम को इसकी रिपोर्ट दी जाएगी। वहीं सोमवार को पड्डल मैदान में सभी पुलिस कर्मियों को उनकी ड्यूटी भी बताई गई।

1091 पोलिंग स्टेशन पर 5455 कर्मचारी

जिला के दस विधानसभा क्षेत्रों में 1091 पोलिंग स्टेशन हैं। एक पोलिंग स्टेशन पर एक प्रिजाइडिंग अफसर, एक असिस्टेंट प्रिजाइडिंग अफसर व तीन पोलिंग एजेंट तैनात हैं। ऐसे में 1091 पोलिंग स्टेशन पर करीब 5455 कर्मचारी तैनात रहेंगे। इसके अलावा एक पोलिंग स्टेशन पर दो सिक्योरिटी पर्सन भी तैनात होंगे। ऐसे में करीब 2182 सिक्योरिटी पर्सन भी अलग से तैनात होंगे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App