प्रधानमंत्री मोदी की लोकप्रियता बरकरार

By: Nov 17th, 2017 12:06 am

नई दिल्ली— नोटबंदी और अन्य निर्णयों को लेकर विपक्ष भले ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कितनी भी आलोचना कर रहा हो, लेकिन एक हालिया सर्वेक्षण के अनुसार कार्यकाल के तीन वर्ष पूरा होने पर लोगों के बीच उनकी लोकप्रियता में कोई कमी नहीं आई है। अमरीका के प्यू रिसर्च सेंटर के इस सर्वेक्षण के नतीजों से पता चला है कि देश में 2014 में सत्ता संभालने के बाद से श्री मोदी की लोकप्रियता में अभी तक कोई कमी नहीं आई है। रिपोर्ट के अनुसार, पांच वर्ष के लिए चुनी गई मोदी सरकार के तीन वर्ष पूरा होने पर भले ही हनीमून काल समाप्त हो गया हो, लेकिन लोगों का श्री मोदी के प्रति प्यार बढ़ता ही जा रहा है। इस वर्ष 21 फरवरी से दस मार्च के बीच प्रधानमंत्री का लोकप्रियता का अनुमान लगाने के लिए किए गए इस अध्ययन में सामाजिक-आर्थिक नीतियों पर नागरिकों की राय ली गई। रिपोर्ट के अनुसार, पश्चिमी और दक्षिण भारत में श्री मोदी की लोकप्रियता में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। उत्तर भारत में यह जस की तस बनी हुई है। वहीं पूर्वी भारत में इसमें कुछ कमी दर्ज की गई है। कुल मिलाकर प्रत्येक दस में सात व्यक्ति देश के वर्तमान स्थिति से खुश हैं। सर्वेक्षण के अनुसार भारतीय मोदी सरकार की आर्थिक नीतियों से खुश हैं। प्रत्येक दस में से आठ लोग देश की आर्थिक स्थिति को बेहतर मानते हैं। करीब 30 प्रतिशत लोगों ने आर्थिक स्थिति को बहुत अच्छा बताया है, जबकि तीन साल पहले आर्थिक स्थिति को बहुत अच्छा बताते वालों की संख्या महज दस फीसदी थी। प्रत्येक दस में से सात भारतीय ने सरकार के गरीबी, बेराजगारी, आतंक और भ्रष्टाचार पर उठाए गए कदमों की सराहना की। सर्वेक्षण में शामिल 79 प्रतिशत लोग लोकतंत्र की वर्तमान कार्यप्रणाली से संतुष्ट हैं। वहीं 33 प्रतिशत बहुत संतुष्ट हैं। दिलचस्प बात यह है कि कांग्रेस को वोट देने वालों में से 65 प्रतिशत लोगों ने भी भारतीय लोकतंत्र की वर्तमान स्थिति पर संतोष जाहिर किया है।

सोनिया गांधी की बराबरी पर राहुल

सर्वेक्षण में एक और दिलचस्प तथ्य सामने आया है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल ने लोकप्रियता के मामले में अपनी मां एवं कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी की बराबरी कर ली है, जबकि श्री मोदी लोकप्रियता के पैमाने पर इन दोनों से 31 अंक ऊपर हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App