बच्चों ने दिया गीता संदेश

By: Nov 30th, 2017 12:02 am

पंचकूला के सेक्टर-एक के कार्यक्रम में जमाया रंग

पंचकूला – अंबाला के सांसद रतन लाल कटारिया ने कहा कि श्रीमद्भागवद गीता भगवान श्री कृष्ण की अमरवाणी है, जो मनुष्य को उस अमरपथ पर ले जाती है, जहां पर न व्याधी है, न मृत्यु और न ही दुख है। यह अमरवाणी इस लोक में रहते हुए परम लोक का आनंद प्रदान करती है। कटारिया बुधवार को अंतरराष्ट्रीय जिला स्तरीय गीता जयंती महोत्सव के दूसरे दिन पंचकूला के सेक्टर-एक स्थित राजकीय महाविद्यालय में श्रीमद्भागवद गीता पर आयोजित सेमीनार को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि गीता के सार को जन-जन तक पहुंचाने के लिए सरकार द्वारा अनेक प्रयास किए जा रहे हैं और पूरे विश्व में गीता के ज्ञान को फैलाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा कुरुक्षेत्र में इस वर्ष अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गीता जयंती मनाई जा रही है। सार 18 श्लोकी गीता का वैश्विक पाठ होगा,  जिसमें दुनिया के 25 देश शामिल होंगे। उन्होंने कहा कि गीता के 700 श्लोकों में से 574 श्लोक भगवान श्रीकृष्ण के मुखारविंद से निकले थे। इसके उपरांत सांसद ने प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम में योगेश जमानिया ग्रुप रुड़की के टीवी कलाकारों ने मयूर नृत्य व राधा कृष्ण प्रेम आलौकिक पर शानदार नृत्य प्रस्तुत किया, जबकि सार्थक स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों में केशव ने कृष्ण की भूमिका व ऋषभ ने अर्जुन की भूमिका में गीता का संदेश दिया। इस अवसर पर उपायुक्त गौरी पराशर जोशी, मुकुल कुमार, रिचा राठी, ममता शर्मा, कृष्ण कृपा परिवार के सदस्य श्याम लाल बंसल, संदीप चुघ व अन्य प्रतिनिधियों सहित काफी संख्या में दर्शक भी मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App