भीड़ देखकर गदगद हुए प्रधानमंत्री

By: Nov 3rd, 2017 12:10 am

कहा, लोग बना चुके हैं सरकार को उखाड़ फेंकने का मन

नाहन —  भारतीय जनता पार्टी द्वारा धौलाकुआं में आयोजित प्रधानमंत्री की रैली में उमड़ी भीड़ को देखकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गदगद हो गए। इस अवसर पर उन्होंने न केवल भाजपा नेता राजीव बिंदल व अन्य विधायकों की पीठ थपथपाई, बल्कि जीत की बधाई भी दे गए। उन्होंने कहा कि धौलाकुआं में उमड़ा जनसैलाव बता रहा है कि अब प्रदेश की जनता भ्रष्टाचार से ग्रस्त कांग्रेस को उखाड़ फैंकने का मन बना चुकी है। जैसे ही प्रधानमंत्री का चौपर धौलाकुआं के आसमान में पहुंचा तो जनसभा में उमड़ी भीड़ ने उनका हाथ हिलाकर अभिवादन किया। धौलाकुआं में आयोजित चुनावी सभा में आईआईएम का कई हेक्टेयर का मैदान भीड़ के लिए कम पड़ गया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आईआईएम के जिस मैदान में आज रैली हो रही है वहां अगले वर्ष तक हिमाचल के सपनों का महल बनेगा। प्रधानमंत्री ने बताया कि हिमाचल की जनता की भीड़ ने चुनाव का परिणाम पहले ही तय कर दिया है। उन्होंने कहा कि यह जनता को भी व कांग्रेस को भी पता है कि प्रदेश में कांग्रेस का सुपड़ा साफ होगा।

ऐतिहासिक रही धौलाकुआं की रैली

भाजपा के प्रदेश के मुख्य प्रवक्ता डा. राजीव बिंदल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की धौलाकुआं में चुनावी रैली को ऐतिहासिक करार दिया। उन्होंने कहा कि न भूतो न भविष्यतेः सिरमौर में ऐसी रैली न तो कभी हुई और न होगी। उन्होंने कहा कि मोदी की रैली में उमड़ा जनसैलाब यह संदेश देता है कि कांग्रेस पार्टी का प्रदेश में सूपड़ा साफ होने वाला है। उन्होंने कहा कि भाजपा सिरमौर की पांचों सीटों पर जीत दर्ज करेगी। डा. बिंदल ने ऐतिहासिक रैली में पहुंचे हजारों कार्यकर्ताओं और आमजन का आभार जताते हुए कहा कि कार्यकर्ताओं की मेहनत से यह रैली ऐतिहासिक बनी और नौ नवंबर को होने वाले मतदान में इस रैली का जबरदस्त असर दिखाई पड़ेगा। उन्होंने कहा कि मोदी का यह कहना कि हिमाचल में डबल इंजन के साथ विकास किया जाएगा। यानि केंद्र में नरेंद्र मोदी सरकार और प्रदेश में भाजपा सरकार दोनों मिलकर प्रदेश का विकास सुनिश्चत बनाएंगे। डा. बिंदल ने कहा कि नरेंद्र मोदी की रैली के उपरांत कार्यकर्ताओं का आत्मविश्वास कई गुना बढ़ा है और नई ऊर्जा के साथ कार्यकर्ता काम में जुट गए हैं।

इन्होंने भी संबोधित किया रैली को

धौलाकुआं में आयोजित चुनावी सभा में केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा, हिमाचल चुनाव प्रभारी एवं सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थापर चंद गेहलोत, केंद्रीय कपड़ा मंत्री अजय टमटा, सांसद वीरेंद्र कश्यप, हरियाणा के खनन मंत्री नायब सिंह सैणी, डा. राजीव बिंदल, पवन राणा, बलदेव तोमर, सुखराम चौधरी, चंद्रमोहन ठाकुर, केएल ठाकुर, परमजीत सिंह पम्मी, डा. राजेश कश्यप, सुरेश कश्यप आदि ने संबोधित किया।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App