मंडी में स्टार प्रचारकों का हुजूम

By: Nov 6th, 2017 12:05 am

मंडी —  विस चुनावों में मतदान को अब सिर्फ तीन दिन शेष बचे हैं। ऐसे में चुनाव मैदान में उतरे प्रत्याशियों और राजनीतिक दलों ने अब अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। भाजपा और कांग्रेस की तरफ से लगातार स्टार प्रचारक चुनाव प्रचार करने के लिए मंडी जिला पहुंच रहे हैं, जिससे मंडी जिला का चुनावी माहौल सर्द मौसम में भी गर्म होता जा रहा है। हालांकि अब तक चुनावी प्रचार में भाजपा ने कांग्रेस से बाजी मारी हुई है। प्रधानमंत्री की बड़ी रैली को मिलाकर अभी तक भाजपा के स्टार प्रचारक पांच रैलियां कर चुके हैं, जबकि अगले दो दिन में भाजपा की चार बड़ी रैलियां मंडी जिला में होने जा रही हैं। तो वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस की तरफ से भी पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरेंद्र सिंह ने रविवार को मंडी जिला के कनेड़ में चुनावी जनसभा कर अब तक चुनाव प्रचार में पीछे चल रहे कांग्रेस को आगे ला खड़ा किया है, जबकि कांग्रेस की तरफ से अगले दो दिन में दो बड़ी रैलियां करने के लिए स्टार प्रचारक आने वाले हैं। भाजपा की तरफ से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री आदित्यनाथ योगी जोगिंद्रनगर में भाजपा प्रत्याशी गुलाब सिंह ठाकुर के पक्ष में जनसभा को छह नवंबर को जोगिंद्रनगर शहर में 11 बजे संबोधित करेंगे, तो वहीं केंद्रीय कपड़ा मंत्री स्मृति ईरानी छह नवंबर को ही सराज विस के थाची में जयराम ठाकुर के पक्ष में 11 बजे जनसभा को संबोधित करेंगी। सात नवंबर को ही स्मृति ईरानी द्रंग से भाजपा प्रत्याशी जवाहर ठाकुर के पक्ष में सुबह दस बजे पनारसा में लोगों को संबोधित करेंगी। वहीं राजनाथ सिंह सात नवंबर को सरकाघाट के बलद्वाड़ा में भाजपा प्रत्याशी कर्नल इंद्र सिंह के पक्ष में एक बजे जनसभा को संबोधित करेंगे। उधर, कांग्रेस के भी स्टार प्रचारक रविवार से मैदान में उतर गए हैं। सात नवंबर को सरकाघाट विस में कांग्रेस प्रत्याशी पवन ठाकुर के समर्थन में कांग्रेस के बडे़ नेता जनसभा को संबोधित करेंगे, जबकि सात नवंबर को कांग्रेस सरकार में मंत्री नवजोत सिंह सिद्धू नगवाइ में कौल सिंह ठाकुर के समर्थन में और सात नवंबर को कांग्रेस के ही पक्ष में कांग्रेस के बडे़ नेता द्वारा रैली को संबोधित करने की संभावनाएं जताई जा रही हैं। वहीं अब तक मंडी जिला में भाजपा की तरफ से पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह, राजनाथ सिंह,  पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और शहनवाज हुसैन धूमल पांच जनसभाओं को संबोधित कर चुके हैं, जबकि कांग्रेस की तरफ से अभी तक पूरे जिला में मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने ही सात जनसभाएं की हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App