मतदाता पर दारोमदार

By: Nov 3rd, 2017 12:02 am

(सुमन बाला, खुंडियां, ज्वालामुखी )

भारत सबसे बड़ा लोकतंत्र है। यह कहते हुए हमारा सीना गर्व से चौड़ा हो जाता है। यह लगाव हमें अपने पूर्वजों से विरासत में मिला है। आज जिस दौर से भारत गुजर रहा है, उसे देखकर कई बार हताशा भी होती है। भ्रष्टाचार तो जैसे हमारे हवा, पानी में घुल गया है। देश की बागडोर संभालने वालों की भी इस भ्रष्टाचार में संलिप्तता देखने को मिलती रही है। यदि देश के भाग्य निर्माताओं के मन ही साफ न हों, उन्हें स्वार्थ ने घेर लिया हो, तो उस देश का क्या होगा? सैकड़ों वर्षों की गुलामी के बाद हमारे पूर्वजों ने कितनी मुश्किलें झेल कर देश आजाद कराया और लोकतंत्र की स्थापना भी की। हम सबको इन सब विषयों पर गहन चिंतन करने की आवश्यकता है। देश की स्थिति को सुधारने में चुनाव अहम भूमिका निभाते हैं। हमें चुनावों के महत्त्व को समझना चाहिए तथा अपने मत का सही प्रयोग करके एक ईमानदार छवि वाला व्यक्ति आगे लाना चाहिए। जब तक हम अपने मत के महत्त्व से अनभिज्ञ रहेंगे, तब तक देश की स्थिति में सुधार की कल्पना भी नहीं की जा सकती। हम सब जानते हैं कि प्रदेश में विधानसभा चुनाव सिर पर हैं। हमें चाहिए कि हम खरे-खोटे का अच्छी तरह आकलन करके ही अपने नमाइंदों को चुनें।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App