मुख्यमंत्री धूमल, अब जयराम क्या!

By: Nov 2nd, 2017 12:05 am

चैलचौक —  सराज कांग्रेस पार्टी के प्रत्याशी ठाकुर चेत राम ने चुनावी जनसभाओं में कहा कि भाजपा ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए प्रो. प्रेम कुमार धूमल को मुख्यमंत्री के तौर पर चेहरा घोषित कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि  सराज में भाजपा के विधायक व पार्टी उम्मीदवार ठाकुर जयराम चुनाव प्रचार में अपने आप को अगला सीएम होने के नाम पर जनता को गुमराह कर वोट मांगने में लगे हुए थे। उन्होंने कहा कि जयराम ने अब तक सराज में करीब तीन बार स्वयं को भावी मुख्यमंत्री के तौर पर ही जनता से वोट मांगे हैं, लेकिन इस बार जनता उनके झासे में नहीं आएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सराज में शांत माहौल व वातावरण को बिगाड़ने में लगी हुई है। बुधवार को चेतराम ठाकुर ने झरेड़, गतु, छत्तरी और बरेयोगी में चुनावी जनसभाओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा के प्रत्याशी ठाकुर जयराम की असली मंशा पर हाई कमान ने नेतृत्व घोषित कर यहां के लोगों  को और ज्यादा गुमराह करने की नीति पर पानी फेर दिया है । कांग्रेस प्रत्याशी ठाकुर चेतराम ने कहा कि सराज की जनता यह जान चुकी है कि धड़ेबाजी के चक्कर में रहने वाले जयराम व्यक्तिगत लाभ उठाने की मंशा पर कहीं फिर से सराज क्षेत्र के विकास कार्यों में और ग्रहण लगा सकते हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने समूचे प्रदेश में अथाह विकास कार्य किए हैं।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App