योगी बोले… धूमल मेरे आदर्श

By: Nov 7th, 2017 12:10 am

कहा; प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री की सादगी और मासलीडर की छवि से हूं प्रभावित, सुजानपुर में खोला राज

सुजानपुर —  उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश के भावी मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल मेरे आदर्श नेता हैं। देश के कई  नेता धूमल जी की सादगी और मासलीडर की छवि से प्रभावित हैं।  इसके चलते प्रेम कुमार धूमल हमारे प्रेरणास्त्रोत बन गए हैं। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अब सुजानपुर विधानसभा क्षेत्र की अनूठी पहचान बनेगी और देश भर में सुजानपुर का नाम गूंजेगा। इस कारण सुजानपुर पर्यटन की दृष्टि से भी विकसित होगा। सुजानपुर में विशाल जनसभा में अपने संबोधन की शुरुआत प्रो. प्रेम कुमार धूमल को प्रदेश का भावी मुख्यमंत्री संबोधित करते हुए की। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सुजानपुरवासी सौभाग्यशाली  हैं वे किसी विधायक का नहीं, बल्कि सीधे मुख्यमंत्री का चुनाव करने जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह सुजानपुरवासियों को शुभकामनाएं देने आए हैं। श्री योगी ने कहा कि हिमाचल ने उत्तर प्रदेश को बहुत कुछ दिया है। हिमाचल का जवान सीमाओं पर देश और हम सबकी रक्षा करते हैं, उत्तरप्रदेश की रक्षा करता है। हिमाचल का पानी हिमाचल से नीचे उतर कर उत्तर प्रदेश में पहुंचता है, तो वहां के खेतों को सोना उगलने के लिए एक नई ऊर्जा का संचार करता है। उन्होंने बताया कि वह जिस नाथ संप्रदाय से आते हैं उस परंपरा के संप्रदाय के भगवान गोरखनाथ का रिश्ता भी हिमाचल प्रदेश की धरती से रहा है। उनके लिए गर्व की बात है कि प्रो. धूमल भी नाथ संप्रदाय के सिद्ध योगी के शिष्य रहे हैं। एक साथ कितनी बातों से जुड़ना सबको प्रफुल्लित करता है। उन्होंने कहा कि पिछली बार हिमाचल की जनता ने चूक की और विकास में कितनी कीमत हिमाचल की जनता को चुकाने पड़ रही है। सब जानते हैं कि पूरा देश प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आगे बढ़कर विकास की ऊंचाइयों पर पहुंच रहा है। सारे विश्व में भारत का डंका बज रहा है। देश में रहने वाले नागरिक तो खुद को गौरवान्वित महसूस करते ही हैं साथ में दुनिया के अन्य देशों में रहने वाले भारतीय भी गर्व से फूले नहीं समा रहे। भारत में रहने वाले देशों के नागरिक भी अब खुशी से खुद को भारतीय कहते हैं। यह गौरव की अनुभूति देश में स्थापित नेतृत्व ने कराई है। श्री योगी ने कहा कि कांग्रेस ने अपने भ्रष्टाचार और कुसंस्कारों के नाते केवल लूट-खसूट की है, अराजकता फैलाई है।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App