रैहन में ऐतिहासिक होगी प्रधानमंत्री मोदी की रैली

By: Nov 1st, 2017 12:10 am

भाजपा प्रत्याशी कृपाल परमार के बोल, कांग्रेस विधायक पर साधा निशाना

नूरपुर — फतेहपुर विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी कृपाल परमार ने रैहन में पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा दो नबंवर को रैहन में होने वाली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली ऐतहासिक होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री की इस रैली में विभिन्न जगहों से लगभग 50 हजार लोगों के पहुंचने की संभावना है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी प्रदेश में होने वाली रैलियों की शुरुआत फतेहपुर हलके में रैहन में होने वाली रैली से करेंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा की सरकार है और इस बार के विस चुनावों में प्रदेश में भी भारी बहुमत से भाजपा की सरकार बनेगी। कांग्रेस कार्यकाल के फतेहपुर हलके का विकास नहीं हुआ, जबकि यहां के विधायक जो कि प्रदेश सरकार में कृषि एवं ऊर्जा मंत्री के पद पर रहे है वह इस विधानसभा क्षेत्र का चंहुमुखी विकास करने में असफल रहे है। उनके कार्यकाल में इस हलके के लोग  गर्मियों में पर्याप्त बिजली के लिए तरसते रहे ही साथ ही फतेहपुर हलके के  किसानों को पर्याप्त सिंचाई सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो पाई। भाजपा कार्यकाल में स्थापित किए गए 45 नंबर नलकूपों को पूरी तरह चालू नहीं किया गया, जिससे किसान परेशान है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार बनने पर फतेहपुर हलके का तेज गति से विकास किया जाएगा और  छह माह के भीतर इसके बेहतर परिणाम आने शुरू हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि केंद्र में भाजपा सरकार है और फतेहपुर में केंद्रीय विद्यालय खुलवाने का प्रयास किया जाएगा। साथ ही प्रधानमंत्री से निवेदन करेंगे कि पौंग झील को पर्यटन की दृष्टि से विकसित कर यहां पर्यटन को बढ़ावा दिया जाए, ताकि यहां के लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त हो। जब उनसे पूछा गया कि फतेहपुर मंडल पूर्व प्रत्याशी बलदेव ठाकुर का साथ दे रहा है, तो उन्होंने बताया कि मंडल सहित संगठन को दो दिन का वापसी का समय दिया है। अगर इस मामले में मंडल कोई निर्णय नहीं लेता है, तो पार्टी इस विषय में जल्द ही कड़े पग उठाएगी। फतेहपुर भाजपा में कार्यकर्ता पूरी तरह कमर कसे हुए हैं। लोगों का भरपूर समर्थन उन्हें मिल रहा है। इस मौके पर भाजपा नेता डा. सतीश, जगदेव सिंह, पंकज हैप्पी, ओपी चौधरी व अजय पठानिया सहित भाजपा के कांगड़ा-चंबा संसदीय क्षेत्र के मीडिया प्रभारी प्रदीप शर्मा भी मौजूद थे।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App