विधानसभा चुनावों में कांग्रेस होगी ‘साफ’

By: Nov 7th, 2017 12:05 am

करसोग में रैली के दौरान बोले केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह; कहा, प्रदेश सरकार ने रुकवाए काम

करसोग   – गत लोक सभा चुनावों में हिमाचल से कांग्रेस का सूपड़ा साफ  हो चुका है तथा वर्तमान विधानसभा चुनावों में भी कांग्रेस पूरी तरह साफ  हो जाएगी। यह बात भाजपा के राष्ट्रीय नेता व केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को भाजपा की करसोग चुनावी रैली में संबोधित करते हुए कही। इस मौके पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष तथा प्रत्याशी हीरा लाल सहित मंडल कार्यकारिणी के सभी पदाधिकारी, पूर्व पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की भारी भीड़ उपस्थित थी। भाजपा राष्ट्रीय नेता व केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि दिल्ली तथा प्रदेश की सरकारों में आपसी तालमेल होना चाहिए,  जिसे अब जनता बनाएगी। केंद्र की भाजपा सरकार ने हिमाचल के साथ कोई भेदभाव नहीं रखा, प्रदेश को करोड़ों रुपए विकास कार्यों के लिए दिए गए, परंतु कांग्रेस सरकार ने प्रदेश का विकास कार्य ठप कर रखा है। उन्होंने प्रदेश के बिटिया कांड पर बोलते हुए कहा कि उस घटना को हिमाचल ही नहीं भूलेगा बल्कि पूरा देश भी उस घटना से दुखी हुआ है, जिस प्रदेश का मुखिया यदि बेल पर हो तो अन्य आरोपियों को जेल कैसे भेजेगा, गुंडा माफियों का स्थान जेल में ही होना चाहिए, भाजपा के राष्ट्रीय नेता केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि बेनामी संपत्ति पर शिकंजा कसा जा रहा है, जिसमें लगभग 850 करोड़ रुपए की बेनामी संपत्ति जब्त की जा चुकी है, काला धन वापस लाने का व नोटबंदी का ऐतिहासिक फैसला भाजपा ने लिया, भ्रष्टाचार समाप्त हो, इस पर जोरदार प्रयास किए जा रहे हैं, देश साफ  नीयत से ही विकास की ओर बढ़ता है, किसान की आमदन 2022 तक दोगुनी हो, इसकी व्यवस्था भाजपा सरकार कर रही है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में चल रही केंद्र सरकार के किसी मंत्री पर भ्रष्टाचार के आरोप नहीं हैं, जबकि कांग्रेस सरकारों के कई मंत्रियों को भ्रष्टाचार के आरोप में जेल जाना पड़ा, लगभग 30 करोड़ लोगों को जन-धन खाता खोलकर बैंक के साथ जोड़ा, मुद्रा ऋण के माध्यम से युवाओं को करोड़ों रुपए रोजगार के लिए ऋण सहायता हो रही है। पर्यटक स्थलों का विकास होगा, भाजपा सत्ता में आने पर हर पंचायत में हर नागरिक तंदुरुस्त रहे, इसके लिए जिम खुलेंगे, जैविक खेती को बढ़ावा दिया जाएगा, वन रैंक वन पेंशन भाजपा सरकार ने सैनिकों को उपहार दिया, देश की सेना को मजबूत किया, उन्होंने प्रदेश का विकास तेज गति से करने के लिए भाजपा को समर्थन देने की जोरदार अपील की।


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App