सड़क किनारे फूल-छायादार पौधे लगाइए

By: Nov 27th, 2017 12:05 am
(केसी शर्मा, सूबेदार मेजर, गगल)

हिमाचल प्रदेश में घूमने के लिए आने वाले पर्यटक सड़कों किनारे पसरी वीरानी देखकर मन ही मन कह उठता है कि हिमाचल प्रदेश की खूबसूरती कहां चली गई। सड़कों के दोनों किनारों पर लगे घनी छाया वाले पेड़ों का आखिर क्या हुआ। फल-फूलों से सजे बाग-बागीचे अब नहीं दिखाई पड़ते। सड़कों के साथ-साथ यहां-वहां पानी के झरने, बावडि़यां भी लुप्त हो चुकी हैं। उल्लेखित कमियां बाहरी पर्यटकों को खलती हैं। दूसरी तरफ टूटी-फूटी सड़कें इन मुसाफिरों को और भी चिढ़ाती हैं। सड़क दुर्घटनाओं का लंबा-चौड़ा इतिहास मुसाफिरों के बीच दहशत पैदा करता है। कई मुसाफिर बीच में ही टूअर छोड़कर घर लौट जाते हैं। भले ये अनुभव हमें नागवार गुजरें, लेकिन यही सच्चाई है और इससे मुंह नहीं मोड़ा जा सकता। प्रदेश सरकार यदि पर्यटन विकास और उससे संबंधित पहलुओं के प्रचार-प्रसार पर इतना खर्च कर रही है, तो इस पहलू को भी नजअंदाज नहीं किया जा सकता। सरकार यदि इस दिशा में कुछ सुधार लाना चाहती है, तो इसके लिए कोई बड़े बजट की भी जरूरत नहीं है। अगर किसी चीज की जरूरत है, तो वह है इच्छाशक्ति की। प्रदेश में प्रवेश के साथ ही हम पर्यटकों को दिलकश एहसास से रू-ब-रू करवाना चाहते हैं, तो अब यह स्थिति बदलनी चाहिए। सरकार सड़कों के दोनों ओर फल-फूल वाले वृक्ष लगाकर सड़कों को खूबसूरत बनाए। इसके लिए नई चुनी जाने वाली सरकार पीडब्ल्यूडी विभाग और बानिकी विभाग को साथ लेकर चल सकती है।

 


Keep watching our YouTube Channel ‘Divya Himachal TV’. Also,  Download our Android App